फर्रुखाबाद: शादी की खुशियों पर लगा ग्रहण, टेंट से भरा ट्रैक्टर पलटा; 11 घायल

उप्र के फर्रुखाबाद जनपद के थाना अमृतपुर क्षेत्र के मुजहा-करनपुरदत्त मार्ग पर गुरुवार को शादी की तैयारियों के बीच एक बड़ा सड़क हादसा हो गया।

फर्रुखाबाद: शादी की खुशियों पर लगा ग्रहण, टेंट से भरा ट्रैक्टर पलटा; 11 घायल
Published By- Diwaker Mishra

फर्रुखाबाद से वरुण दुबे की रिपोर्ट

फर्रुखाबाद/जनमत न्यूज़। उप्र के फर्रुखाबाद जनपद के थाना अमृतपुर क्षेत्र के मुजहा-करनपुरदत्त मार्ग पर गुरुवार को शादी की तैयारियों के बीच एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। टेंट का सामान लेकर जटपुरा जा रहा ट्रैक्टर अचानक स्टेयरिंग फेल होने से अनियंत्रित होकर पलट गया।

हादसे में 11 लोग घायल हो गए, जबकि चार युवकों की हालत गंभीर होने पर उन्हें डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल रेफर किया गया है। जानकारी के अनुसार ग्राम जटपुरा निवासी दिनेश की पुत्री रुचि की शादी 20 जून को होनी है।

बारात थाना मिर्जापुर क्षेत्र के पृथ्वीपुर गांव से आनी है। शादी की तैयारियों के तहत टेंट का सामान अमृतपुर से गांव ले जाया जा रहा था। तभी मुजहा-करनपुरदत्त मार्ग पर ट्रैक्टर की स्टेयरिंग अचानक फेल हो गई और वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया।

हादसे में आदित्य, अमित, बृजेश प्रेमी, सुधांशु, शनि, अजय, सिंकू, अंकित, प्रांशु, सत्यम और गौरव घायल हो गए। चीख-पुकार सुनकर मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और घायलों को ट्रैक्टर के नीचे से बाहर निकालकर उपचार के लिए भेजा।

इनमें अंकित, सनी, प्रांशु और गौरव की हालत गंभीर होने पर उन्हें डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल रेफर किया गया। सूचना मिलते ही अमृतपुर पुलिस मौके पर पहुंच गई।

क्षेत्राधिकारी अमृतपुर ऐश्वर्या उपाध्याय ने घटनास्थल का निरीक्षण कर राहत कार्यों का जायजा लिया तथा अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। थाना प्रभारी ने भी मौके पर पहुंचकर घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाने और यातायात व्यवस्था सुचारु कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

हादसे की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी डॉ. अंकुल लाठर एवं पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने भी मामले का संज्ञान लिया और संबंधित अधिकारियों से घटना की जानकारी प्राप्त कर घायलों के बेहतर उपचार के निर्देश दिए।

जिस घर में दो दिन बाद शहनाइयों की गूंज सुनाई देनी थी, वहां हादसे के बाद चिंता और मायूसी का माहौल छा गया है। परिजन और ग्रामीण घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना कर रहे हैं। पुलिस मामले की जांच में जुटी है तथा प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण ट्रैक्टर की स्टेयरिंग फेल होना बताया जा रहा है।