बलरामपुर: मेडिकल स्टोर में स्टैंड फैन से करंट लगने से महिला की मौत, मचा हड़कंप

उप्र के बलरामपुर जनपद के थाना कोतवाली उतरौला क्षेत्र के महदेईया बाजार में रविवार दोपहर एक दर्दनाक हादसा हो गया। दवा लेने गई महिला की मेडिकल स्टोर में रखे स्टैंड फैन से करंट लगने से मौके पर ही मौत हो गई।

बलरामपुर: मेडिकल स्टोर में स्टैंड फैन से करंट लगने से महिला की मौत, मचा हड़कंप
Published By- Diwaker Mishra

बलरामपुर से गुलाम नबी कुरैशी की रिपोर्ट

बलरामपुर/जनमत न्यूज़। उप्र के बलरामपुर जनपद के थाना कोतवाली उतरौला क्षेत्र के महदेईया बाजार में रविवार दोपहर एक दर्दनाक हादसा हो गया। दवा लेने गई महिला की मेडिकल स्टोर में रखे स्टैंड फैन से करंट लगने से मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद बाजार में अफरा-तफरी मच गई।

जानकारी के अनुसार थाना रेहरा बाजार के ग्राम अगया बुजुर्ग (धनपुरवा) निवासी राजकुमारी (45) पत्नी जगमोहन रविवार दोपहर करीब 1 बजे महदेईया बाजार स्थित एक मेडिकल स्टोर पर दवा लेने गई थीं। दवा लेने के बाद वह दुकान में पानी पीने अंदर गईं, तभी वहां चल रहे स्टैंड फैन की चपेट में आ गईं।

पंखे में करंट उतर रहा था, जिससे वह उससे चिपक गईं और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। घटना की सूचना पर 112 पुलिस व एंबुलेंस मौके पर पहुंची। महिला को एंबुलेंस से सीएचसी उतरौला ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

मृतका के पति जगमोहन मजदूरी करते हैं। उनके दो बच्चे हैं, बेटी गुड़िया और बेटा जयकिशन, दोनों की शादी हो चुकी है। बेटा पहले से अहमदाबाद में रहता है।

जगमोहन का भी टिकट निकल चुका था और वह कुछ दिनों में अहमदाबाद जाने वाले थे। घटना स्थल का प्रभारी निरीक्षक कोतवाली उतरौला अवधेश राज सिंह ने टीम के साथ मुआयना किया।

प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। घटना स्थल का निरीक्षण कर लिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।