ग्रीन वैली पब्लिक स्कूल दिबियापुर में मिशन शक्ति 5.0 के तहत बालिकाओं को किया गया सशक्त
ग्रीन वैली पब्लिक स्कूल, दिबियापुर में बालिकाओं के सशक्तिकरण हेतु एक प्रभावी जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

औरैया/जनमत न्यूज़। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा संचालित मिशन शक्ति अभियान के पाँचवें चरण (5.0) के अंतर्गत ग्रीन वैली पब्लिक स्कूल, दिबियापुर में बालिकाओं के सशक्तिकरण हेतु एक प्रभावी जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का नेतृत्व पुलिस अधीक्षक औरैया श्री अभिषेक भारती के प्रतिनिधि आर.पी.एन. त्रिपाठी (SHO दिबियापुर) ने किया। इस अवसर पर विद्यालय के प्रबंधक श्री नवनीत गुप्ता, प्रधानाचार्य श्री राजेश मिश्र, समस्त शिक्षकगण एवं छात्राएं उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम की शुरुआत मिशन शक्ति टीम की सदस्याओं द्वारा छात्राओं को महिला अधिकारों, सुरक्षा उपायों और सरकारी हेल्पलाइन सेवाओं (1090, 181, 112, 1030, 108) की विस्तृत जानकारी देकर की गई। आर.पी.एन. त्रिपाठी ने कहा “किसी भी विपरीत परिस्थिति में घबराने के बजाय तुरंत हेल्पलाइन नंबरों पर सहायता लें। पुलिस प्रशासन बालिकाओं की सुरक्षा के लिए सदैव तत्पर है।”
एस.आई. सुरेन्द्र कुमार ने छात्राओं से कहा कि “आत्मविश्वास ही सबसे बड़ी आत्मरक्षा है। शिक्षा और आत्मसम्मान हर लड़की को आत्मनिर्भर बनाते हैं।”
कार्यक्रम में छात्राओं को आत्मरक्षा के व्यावहारिक गुर भी सिखाए गए, जिससे उनमें आत्मविश्वास और सजगता का संचार हुआ।
सांस्कृतिक सत्र में छात्रा शीतल ने “लड़की हो तुम जाने दो” शीर्षक कविता से सबका मन मोह लिया, जबकि वैष्णवी ने मिशन शक्ति 5.0 के उद्देश्य पर जानकारी दी। अन्य छात्राओं ने नारी सशक्तिकरण पर मंचीय प्रस्तुतियों से सभी को प्रेरित किया।
विद्यालय की शिक्षिकाओं ने भी महिला सशक्तिकरण से जुड़ी प्रेरक कहानियाँ और विचार साझा किए। उन्होंने कहा कि “मिशन शक्ति” जैसी पहलें महिला सुरक्षा और आत्मनिर्भरता की दिशा में मील का पत्थर हैं।
अंत में प्रबंधक श्री नवनीत गुप्ता ने कार्यक्रम की सफलता पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा
“ग्रीन वैली पब्लिक स्कूल सदैव छात्राओं के सर्वांगीण विकास और आत्मबल बढ़ाने वाले आयोजनों के लिए प्रतिबद्ध रहेगा।”
प्रधानाचार्य श्री राजेश मिश्र ने कहा कि “विद्यालय केवल शिक्षा का केंद्र नहीं, बल्कि समाज में सजग, आत्मनिर्भर और सशक्त नागरिकों का निर्माण स्थल है।”
इस अवसर पर एस.आई. सुरेन्द्र कुमार, कांस्टेबल विनीता, गौरव, विशाल तंवर सहित विद्यालय परिवार के सभी सदस्य उपस्थित रहे।
कार्यक्रम ने बालिकाओं के बीच सुरक्षा, आत्मनिर्भरता और आत्मविश्वास का नया संचार किया, साथ ही यह संदेश दिया कि महिला सशक्तिकरण सरकार और पुलिस प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।