ग्रासिम इंडस्ट्रीज में राष्ट्रीय सुरक्षा सप्ताह का भव्य समापन, कर्मचारियों को सुरक्षित कार्य-संस्कृति अपनाने का संदेश
इकाई प्रमुख श्री मनीष गर्ग ने अपने संबोधन में कहा कि संस्थान के सभी विभाग आपसी सहभागिता और समन्वय के साथ सुरक्षा के मार्ग पर निरंतर आगे बढ़ रहे हैं।
सोनभद्र से विजय कुमार की रिपोर्ट —
सोनभद्र/जनमत न्यूज। Grasim Industries Limited के केमिकल डिवीजन में 55वें राष्ट्रीय सुरक्षा दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित राष्ट्रीय सुरक्षा सप्ताह का समापन समारोह भव्य रूप से संपन्न हुआ। इस अवसर पर कर्मचारियों को कार्यस्थल पर सुरक्षा के प्रमुख नियमों, सुरक्षित कार्य पद्धति तथा शून्य दुर्घटना के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए आवश्यक सावधानियों के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई।
समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित इकाई प्रमुख श्री मनीष गर्ग ने अपने संबोधन में कहा कि संस्थान के सभी विभाग आपसी सहभागिता और समन्वय के साथ सुरक्षा के मार्ग पर निरंतर आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने बताया कि प्लांट के मुख्य द्वार पर स्थापित सेफ्टी गैलरी सुरक्षा जागरूकता बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है, जिससे कर्मचारी सुरक्षा को अपने दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बना सकते हैं।
उन्होंने कहा कि किसी भी घटना के बाद सुधारात्मक कार्यवाही करना आवश्यक होता है, लेकिन उससे भी अधिक महत्वपूर्ण है कि हम अपने कार्यों में निवारक कार्यवाही की संस्कृति विकसित करें। यदि प्रत्येक कर्मचारी इस सोच को अपनाए और सुरक्षा मानकों का पूरी निष्ठा से पालन करे, तो संस्थान निश्चित रूप से शून्य दुर्घटना के लक्ष्य को प्राप्त कर सकता है।
कार्यक्रम के दौरान इकाई प्रमुख एवं सभी फंक्शनल हेड्स द्वारा सुरक्षा सप्ताह के अंतर्गत आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं और उपविजेताओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। इन गतिविधियों का उद्देश्य कर्मचारियों के बीच सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना और सुरक्षित कार्य-संस्कृति को मजबूत बनाना रहा।
कार्यक्रम का सफल संचालन संरक्षा विभाग के प्रमुख श्री जुगराज सिंह एवं उनकी टीम द्वारा किया गया। इस अवसर पर श्री राजन पाठक (फंक्शनल हेड टेक्निकल), श्री राजीव दुबे (फंक्शनल हेड एचआर), श्री विवेक गुप्ता (फंक्शनल हेड पावर प्लांट), श्री अधिराज मोहन राय (फंक्शनल हेड वीएपी), श्री मनीष जैन (फंक्शनल हेड फाइनेंस एवं कमर्शियल), श्री प्रेम चन्द्र मौर्य (सेंट्रल सेफ्टी) सहित सभी विभागाध्यक्ष, सेक्शन हेड एवं बड़ी संख्या में कर्मचारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में श्री विवेक गुप्ता (फंक्शनल हेड पावर प्लांट) द्वारा धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत करते हुए सभी उपस्थित लोगों का आभार व्यक्त किया गया और संस्थान में सुरक्षित कार्य-संस्कृति को और अधिक मजबूत बनाने का संकल्प दोहराया गया।

Janmat News 
