प्रतापगढ़ में बकरी चोरी का खुलासा, एक आरोपी गिरफ्तार; चोरी की बकरी और दो हजार रुपये बरामद
उप्र के प्रतापगढ़ जनपद के मानिकपुर थाना पुलिस ने बकरी चोरी की घटना का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
प्रतापगढ़ से विकास गुप्ता की रिपोर्ट
प्रतापगढ़/जनमत न्यूज़। उप्र के प्रतापगढ़ जनपद के मानिकपुर थाना पुलिस ने बकरी चोरी की घटना का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी की एक काली बकरी और चोरी की बकरियां बेचकर मिले दो हजार रुपये बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, 9 अगस्त को मानिकपुर क्षेत्र के पूरे अली नकी गांव से राबिया पत्नी बल्लू समेत अन्य लोगों की कुल सात बकरियां चोरी हो गई थीं। मामले में थाना मानिकपुर में मुकदमा दर्ज किया गया था।
विवेचना के दौरान शहबाज पुत्र अब्दुल सलाम निवासी कटरा मानिकपुर और उसके साथी राजू सोनकर उर्फ सऊदी का नाम सामने आया। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने 31 अगस्त को बिटियन मेला ग्राउंड गेट से करीब 200 मीटर अंदर गनेहरू बाग की ओर जाने वाले रास्ते, ग्राम चौकापारपुर के पास से शहबाज को गिरफ्तार किया।
उसके कब्जे से चोरी की एक काली बकरी बरामद हुई। पूछताछ में आरोपी ने साथी राजू सोनकर उर्फ सऊदी के साथ मिलकर बकरियां चोरी करने और इनमें से तीन बकरियां बेचने की बात बताई। पुलिस ने बिक्री से प्राप्त दो हजार रुपये भी बरामद किए।
बरामद बकरी की वादिनी द्वारा पहचान किए जाने के बाद उसे सुपुर्द कर दिया गया। बरामदगी और विवेचना के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2)/3(5) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई है। गिरफ्तार आरोपी शहबाज की उम्र करीब 28 वर्ष बताई गई है। पुलिस उसके खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई कर रही है।
कार्रवाई पुलिस अधीक्षक प्रतापगढ़ दीपक भूकर के निर्देशन में अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी बृजनन्दन राय और क्षेत्राधिकारी कुंडा शिव नारायन वैस के पर्यवेक्षण में की गई। पुलिस टीम में उपनिरीक्षक मनोज कुमार पाण्डेय, कांस्टेबल मनोज यादव, राजेश पाल और आर्यन कुमार शामिल रहे।




