मुजफ्फरनगर: सरकारी नौकरी के नाम पर ठगी, स्वास्थ्य विभाग में तैनात डॉक्टर समेत तीन पर गंभीर आरोप

उप्र के मुजफ्फरनगर जिले सरकारी नौकरी दिलाने का झांसा देकर 2 लाख 25 हजार रुपये की ठगी का सनसनीखेज मामला सामने आया है।

मुजफ्फरनगर: सरकारी नौकरी के नाम पर ठगी, स्वास्थ्य विभाग में तैनात डॉक्टर समेत तीन पर गंभीर आरोप
Published By- Diwaker Mishra

मुजफ्फरनगर से संजय कुमार की रिपोर्ट

मुजफ्फरनगर/जनमत न्यूज़। उप्र के मुजफ्फरनगर जिले सरकारी नौकरी दिलाने का झांसा देकर 2 लाख 25 हजार रुपये की ठगी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पीड़ित सचिन पुत्र गोविंद सिंह, निवासी हसनपुर भलस्वा, थाना गंगोह, जनपद सहारनपुर ने पुलिस को दी तहरीर में मुजफ्फरनगर के जानसठ स्थित सरकारी स्वास्थ्य विभाग में तैनात डॉक्टर डॉ. नंद किशोर समेत तीन लोगों पर धोखाधड़ी, धमकी और मारपीट के गंभीर आरोप लगाए हैं।

पीड़ित के अनुसार, देहरादून में आयोजित एक नेत्र शिविर के दौरान उसकी मुलाकात डॉ. नंद किशोर से हुई थी। आरोप है कि डॉक्टर ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र नागल (सहारनपुर) में आउटसोर्सिंग के तहत GNM पद पर नौकरी लगवाने का आश्वासन दिया और इसके बदले 2.25 लाख रुपये की मांग की। भरोसे में आकर पीड़ित ने 67 हजार रुपये ऑनलाइन तथा 1.58 लाख रुपये नकद दे दिए।

आरोप है कि बाद में ई-मेल के माध्यम से फर्जी जॉइनिंग लेटर भेजा गया। जब पीड़ित बताए गए स्थान पर पहुंचा तो नौकरी का पूरा मामला फर्जी निकला। रकम वापस मांगने पर आरोपियों ने गाली-गलौच करते हुए जान से मारने की धमकी दी। वहीं 22 दिसंबर 2025 को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र जानसठ में पैसे मांगने पर मारपीट किए जाने का भी आरोप लगाया गया है।

पीड़ित ने पुलिस से ठगी की रकम वापस दिलाने और आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। स्वास्थ्य विभाग से जुड़े नाम सामने आने के बाद प्रशासनिक और विभागीय हलकों में हड़कंप मचा हुआ है।