भदोही में गंगा नदी पर 320 करोड़ के पुल का भूमि पूजन, तीन दशक से उठ रही थी मांग

उप्र के भदोही और प्रयागराज जनपद की सीमा पर गंगा नदी पर बनने वाले बहुप्रतीक्षित पक्के पुल का रविवार को विधि-विधान के साथ भूमि पूजन किया गया।

भदोही में गंगा नदी पर 320 करोड़ के पुल का भूमि पूजन, तीन दशक से उठ रही थी मांग
Published By- Diwaker Mishra

भदोही से आनन्द तिवारी की रिपोर्ट

भदोही/जनमत न्यूज़। उप्र के भदोही और प्रयागराज जनपद की सीमा पर गंगा नदी पर बनने वाले बहुप्रतीक्षित पक्के पुल का रविवार को विधि-विधान के साथ भूमि पूजन किया गया। ज्ञानपुर विधायक विपुल दुबे ने तुलसीकला गंगा घाट पर आयोजित कार्यक्रम में भूमि पूजन कर निर्माण कार्य का शुभारंभ कराया।

करीब 320 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला यह पुल 13 पायों पर आधारित होगा, जिसकी लंबाई करीब 1320 मीटर होगी। पुल का निर्माण भदोही के धनतुलसी घाट को प्रयागराज के डेंगुरपुर घाट से जोड़ेगा। वर्षों से इस पुल की मांग की जा रही थी।

विशेषकर गंगा की तीन ओर से घिरे डीघ-कोनिया क्षेत्र के लोगों का हित होगा, जिन्हें आवागमन में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। इस पुल से कोनिया क्षेत्र के विकास में विशेष लाभ पहुंचेगा।

पुल निर्माण के बाद भदोही से प्रयागराज की दूरी और यात्रा समय में उल्लेखनीय कमी आएगी। साथ ही भदोही, जौनपुर, मिर्जापुर, वाराणसी समेत आसपास के कई जनपदों को इसका सीधा लाभ मिलेगा। मध्य प्रदेश की ओर आवागमन भी अधिक सुगम हो जाएगा, जिससे व्यापारिक गतिविधियों को नया विस्तार मिलेगा।

विधायक विपुल दुबे ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश में आधारभूत संरचना को मजबूत करने समेत अनेक विकास के काम हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह पुल केवल आवागमन का साधन नहीं, बल्कि क्षेत्र के आर्थिक, व्यावसायिक, शैक्षणिक, स्वास्थ्य और पर्यटन विकास का नया द्वार साबित होगा।

उन्होंने कहा कि पुल बनने से भदोही की ऐतिहासिक एवं धार्मिक स्थली सीतामढ़ी, मां विंध्यवासिनी धाम और संगम नगरी प्रयागराज के बीच संपर्क बेहतर होगा, जिससे पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा। विधायक ने इसे क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि बताते हुए कहा कि कार्यदायी संस्था द्वारा निर्माण कार्य की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

बता दें कि करीब तीन दशक से जिस पुल की मांग उठ रही थी, उसके निर्माण की शुरुआत को क्षेत्रीय लोग विकास की दिशा में एक बड़ी सौगात और ऐतिहासिक कदम मान रहे हैं। बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, ग्राम प्रधान और क्षेत्रीय नागरिक उपस्थित रहे।