संभल: प्रेम प्रसंग के शक में भाई ने की बहन की गोली मारकर हत्या, मां की तहरीर पर मुकदमा दर्ज
उप्र के संभल जनपद में भाई पर अपनी ही सगी बहन की हत्या का आरोप लगा है। मां की तहरीर पर पुलिस ने बेटे के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
संभल से रामव्रेश यादव की रिपोर्ट
संभल/जनमत न्यूज़। उप्र के संभल जनपद में भाई पर अपनी ही सगी बहन की हत्या का आरोप लगा है। मां की तहरीर पर पुलिस ने बेटे के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। बहन की हत्या के बाद से युवक मौके से फरार है। मां के घर लौटने पर कोहराम मचा है। हत्या की मुख्य वजह अवैध प्रेम प्रसंग को माना जा रहा है।
पूरा मामला गुन्नौर कोतवाली क्षेत्र के गांव सैजना मुस्लिम का है, जहां प्रेम प्रसंग के शक में एक युवक ने अपनी 17 वर्षीय बहन की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना की जानकारी कई घंटे बाद पुलिस तक पहुंची, जिससे पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
बताया गया कि गांव निवासी परवीन शुक्रवार को बाहर चली गई थीं। घर पर उनकी बेटी मुस्कान और बेटा सनी मौजूद थे। सुबह से ही क्षेत्र में तेज गरज-चमक के साथ बारिश हो रही थी। परवीन जब करीब 11 बजे घर लौटीं तो बरामदे में मुस्कान खून से लथपथ पड़ी मिली। वहीं बेटा सनी घर से गायब था।
हैरानी की बात यह रही कि घटना की सूचना पुलिस को शाम करीब चार बजे मिली। सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। बाद में अपर पुलिस अधीक्षक भी घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कराई।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों और ग्रामीणों के अनुसार मुस्कान किसी युवक से मोबाइल फोन पर बातचीत करती थी, जिसको लेकर उसका भाई शनि अक्सर नाराज रहता था और उसे ऐसा करने से मना करता था।
इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी भी होती रहती थी। आशंका जताई जा रही है कि इसी विवाद के चलते सनी ने घर में अकेला पाकर बहन को गोली मार दी और फरार हो गया।
मृतका की मां परवीन ने पुलिस को तहरीर देकर अपने बेटे सनी पर बेटी की हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है और मामले की विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है। घटना के बाद गांव में शोक और दहशत का माहौल है।

Janmat News 
