हरदोई: राजभवन लखनऊ पर प्रदर्शन करने जा रहे NSUI पदाधिकारी हिरासत में, कोतवाली में की नारेबाजी
उप्र के हरदोई जनपद से लखनऊ में राजभवन घेराव करने जा रहे एनएसयूआई के पदाधिकारियों को हरदोई की शहर कोतवाली पुलिस ने रोडबेज बस अड्डे से हिरासत में ले लिया और शहर कोतवाली लाई।
हरदोई से सुनील कुमार की रिपोर्ट
हरदोई/जनमत न्यूज़। उप्र के हरदोई जनपद से लखनऊ में राजभवन घेराव करने जा रहे एनएसयूआई के पदाधिकारियों को हरदोई की शहर कोतवाली पुलिस ने रोडबेज बस अड्डे से हिरासत में ले लिया और शहर कोतवाली लाई।
एनएसयूआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़ और प्रदेश अध्यक्ष अनस रहमान के नेतृत्व में आयोजित होने वाले इस आंदोलन में शामिल होने के लिए हरदोई से कार्यकर्ताओं को रवाना होना था।
कार्यकर्ताओं की सक्रियता को देखते हुए आज सुबह से ही हरदोई पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए संगठन के प्रमुख पदाधिकारियों को उनके आवासों पर हाउस अरेस्ट कर दिया था इसके बावजूद पुलिस को चकमा देकर कार्यकर्ता लोकतांत्रिक तरीके से प्रदर्शन में शामिल होने के लिए हरदोई बस स्टैंड पहुंच गए।
बस स्टैंड पर भारी पुलिस बल ने उन्हें रोककर हिरासत में ले लिया और कोतवाली परिसर ले आई। कोतवाली परिसर में भी कार्यकर्ताओं का गुस्सा शांत नहीं हुआ। उन्होंने जमकर नारेबाजी की और युवाओं व छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ बंद करने की मांग की।
पुलिस द्वारा हिरासत में लिए गए नेताओं में मुख्य रूप से NSUI कांग्रेस हरदोई के जिलाध्यक्ष हसन अहमद, युवा कांग्रेस के जिलाध्यक्ष मोहन सिंह, शहर अध्यक्ष रोहित कुमार, जिला उपाध्यक्ष असद सिद्दीकी, शैलेश सिंह, यशवीर दीक्षित और ज्ञानु पाल शामिल रहे।
एनएसयूआई नेताओं ने पुलिसिया कार्रवाई की तीखी निंदा करते हुए कहा कि शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से विरोध प्रदर्शन करना हर नागरिक का संवैधानिक अधिकार है।
सरकार हाउस अरेस्ट और नजरबंदी जैसे दमनकारी हथकंडों से विपक्ष और युवाओं की आवाज को दबाना चाहती है, जो पूरी तरह अलोकतांत्रिक है। नेताओं ने साफ किया कि पेपर लीक और बदहाल शिक्षा व्यवस्था के खिलाफ उनका यह संघर्ष आगे भी जारी रहेगा।

Janmat News 
