हरदोई में आकाशीय बिजली गिरने से किसान की मौत, दो बेटे गंभीर रूप से झुलसे
उप्र के हरदोई जनपद में मौसम ने अपना मिजाज बदला और बरसात के साथ आसमान से बिजली गिर गयी जिसकी चपेट में आकर एक किसान की दर्दनाक मौत हो गयी जबकि उसके दो बेटे झुलस गए।
हरदोई से सुनील कुमार की रिपोर्ट
हरदोई/जनमत न्यूज़। उप्र के हरदोई जनपद में मौसम ने अपना मिजाज बदला और बरसात के साथ आसमान से बिजली गिर गयी जिसकी चपेट में आकर एक किसान की दर्दनाक मौत हो गयी जबकि उसके दो बेटे झुलस गए। दोनो को इलाज के लिए सीएचसी में भर्ती कराया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार जनपद के अरवल थाना क्षेत्र के खैरुद्दीनपुर राजा साहब गांव निवासी अवधेश सिंह रविवार सुबह अपने बेटों शोभित और अमन के साथ खेत पर गए थे। सुबह खेत में खुदी पड़ी आलू की फसल को बारिश से बचाने के लिए वह लोग पन्नी ढक रहे थे तभी अचानक तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली गिर गई।
बिजली गिरने से तीनों गंभीर रूप से झुलस गए। परिजन उन्हें तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हरपालपुर लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने अवधेश सिंह को मृत घोषित कर दिया, जबकि दोनों बेटों का इलाज जारी है।
मृतक के पिता रामसिंह ने बताया कि अवधेश परिवार का मुख्य सहारा था। परिवार में पत्नी स्नेहलता और छह बेटे हैं। हादसे के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। प्रभारी निरीक्षक वीरेंद्र कुमार पंकज ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Janmat News 
