संभल की बहुचर्चित सत्यव्रत पुलिस चौकी पर हवन-पूजन, डीएम-एसपी ने दी आहुति; सुख-शांति और समृद्धि की कामना

उप्र के संभल जनपद में देशभर में चर्चित सत्यव्रत पुलिस चौकी पर मां भगवती के जयकारों के बीच हवन-पूजन का आयोजन किया गया।

संभल की बहुचर्चित सत्यव्रत पुलिस चौकी पर हवन-पूजन, डीएम-एसपी ने दी आहुति; सुख-शांति और समृद्धि की कामना
Published By- Diwaker Mishra

संभल से राम व्रेश यादव की रिपोर्ट 

संभल/जनमत न्यूज़। उप्र के संभल जनपद में देशभर में चर्चित सत्यव्रत पुलिस चौकी पर मां भगवती के जयकारों के बीच हवन-पूजन का आयोजन किया गया। शारदीय नवरात्र के चौथे दिन डीएम और एसपी समेत अन्य अधिकारियों ने हवन में आहुति देकर जनपद की सुख-शांति और समृद्धि की कामना की।

संभल हिंसा के बाद विवादित धार्मिक स्थल के ठीक सामने सुरक्षा की दृष्टि से इस पुलिस चौकी का निर्माण कराया गया था। जिला मुख्यालय बहजोई से करीब 27 किलोमीटर दूर संभल कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला कोट पूर्वी में स्थित सत्यव्रत पुलिस चौकी पर हवन-पूजन का आयोजन किया गया।

यह पुलिस चौकी श्री हरिहर मंदिर बनाम शाही जामा मस्जिद विवादित स्थल के ठीक सामने स्थित है। शारदीय नवरात्र के चौथे दिन सत्यव्रत पुलिस चौकी पर मंत्रोच्चार के साथ मां भगवती के जयकारे गूंजे।

हवन-पूजन के दौरान जिलाधिकारी अंकित खंडेलवाल और पुलिस अधीक्षक विकास चंद्र त्रिपाठी समेत कई अधिकारियों ने विधि-विधान से आहुति दी।

संभल में शाही जामा मस्जिद और श्री हरिहर मंदिर विवाद के बाद सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से सत्यव्रत पुलिस चौकी का निर्माण कराया गया था। इस चौकी का निर्माण 100 दिनों के भीतर पूरा किया गया था। 6 अप्रैल 2025 को चैत्र नवरात्र की नवमी के अवसर पर पूजन के साथ चौकी का उद्घाटन किया गया था।

हवन-पूजन कार्यक्रम में जिलाधिकारी अंकित खंडेलवाल, पुलिस अधीक्षक विकास चंद्र त्रिपाठी, सिटी मजिस्ट्रेट सुधीर कुमार, एसडीएम विकास चंद्र और सीओ कुलदीप कुमार समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे। इस दौरान वैदिक मंत्रोच्चार और माता रानी के जयकारों से चौकी परिसर का वातावरण भक्तिमय हो गया।

संभल के जिलाधिकारी अंकित खंडेलवाल ने बताया कि शारदीय नवरात्र के पावन अवसर पर जनपद में जगह-जगह मां दुर्गा की आराधना, भजन-कीर्तन, पूजा-पाठ और धार्मिक अनुष्ठान किए जा रहे हैं।

इसी क्रम में पिछले वर्ष स्थापित सत्यव्रत पुलिस चौकी पर हवन-पूजन का आयोजन करने का निर्णय लिया गया। कार्यक्रम के दौरान विधि-विधान से हवन किया गया और आहुतियां देकर संभल जनपद की सुख-शांति, समृद्धि और खुशहाली के लिए प्रार्थना की गई। 

संभल के पुलिस अधीक्षक विकास चंद्र त्रिपाठी ने बताया कि सत्यव्रत पुलिस चौकी पर नवरात्र के पावन अवसर पर पुलिस परिवार की ओर से हवन-पूजन कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस आयोजन का उद्देश्य धार्मिक परंपराओं के अनुरूप विधि-विधान से पूजा-अर्चना करना और जनपद में सुख-शांति तथा सौहार्द बनाए रखने की कामना करना था।