हरदोई: हाईटेंशन लाइन बनी काल, लोहे की सीढ़ी लेकर जा रहे दो मजदूरों की करंट लगने से मौत
उप्र के हरदोई जनपद के सवायजपुर थाना क्षेत्र के रूपापुर में बुधवार को दर्दनाक हादसा हो गया। रूपापुर स्थित शराब के ठेके पर CCTV कैमरा लगाने के लिए लोहे की सीढ़ी लेकर पैदल जा रहे दो मजदूर 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन विद्युत लाइन की चपेट में आ गए।
हरदोई से सुनील कुमार की रिपोर्ट
हरदोई/जनमत न्यूज़। उप्र के हरदोई जनपद के सवायजपुर थाना क्षेत्र के रूपापुर में बुधवार को दर्दनाक हादसा हो गया। रूपापुर स्थित शराब के ठेके पर CCTV कैमरा लगाने के लिए लोहे की सीढ़ी लेकर पैदल जा रहे दो मजदूर 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन विद्युत लाइन की चपेट में आ गए।
हादसे में दोनों गंभीर रूप से झुलस गए। उन्हें तत्काल सीएचसी सवायजपुर ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर हरदोई मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। इलाज के दौरान दोनों की मौत हो गई।घटना के बाद परिवारों में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार, थाना सवायजपुर क्षेत्र के ग्राम कंजरपुरवा निवासी सूरज (24) पुत्र शौकीन और ग्राम मढिया निवासी अजय (25) पुत्र रामदयाल मजदूरी का काम करते थे।
दोनों रूपापुर स्थित शराब के ठेके पर कैमरा लगाने के लिए लोहे की सीढ़ी लेकर पैदल जा रहे थे। जैसे ही वे रूपापुर-पाली पेट्रोल पंप के पास पहुंचे, सीढ़ी ऊपर से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की विद्युत लाइन के संपर्क में आ गई।
तार से सीढ़ी के छूते ही दोनों को तेज करंट लगा और वे बुरी तरह झुलसकर सड़क पर गिर पड़े। हादसा होते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही सवायजपुर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को उपचार के लिए सीएचसी सवायजपुर पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने दोनों को बेहतर इलाज के लिए हरदोई मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया,जहां उपचार के दौरान दोनों ने दम तोड़ दिया।
सीओ हरपालपुर प्रवीण कुमार यादव ने बताया कि दोनों मजदूर कैमरा लगाने के लिए सीढ़ी लेकर जा रहे थे और हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से झुलस गए थे। इलाज के दौरान दोनों की मृत्यु हो गई।
पुलिस ने पंचायतनामा की कार्रवाई के बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।



