धमकी, बुलडोजर और भेदभाव; योगी सरकार की नीतियों पर संभल सांसद जियाउर्रहमान बर्क के पिता का हमला
उप्र के संभल से सांसद जियाउर्रहमान बर्क के पिता और वरिष्ठ नेता ममलुकुर्रहमान बर्क ने प्रदेश की योगी सरकार पर कड़े शब्दों में हमला बोला है।
संभल से रामव्रेश यादव की रिपोर्ट
संभल/जनमत न्यूज़। उप्र के संभल से सांसद जियाउर्रहमान बर्क के पिता और वरिष्ठ नेता ममलुकुर्रहमान बर्क ने प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार पर कड़े शब्दों में हमला बोला है। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी के बयानों को “घटिया और नफरत फैलाने वाला” बताते हुए कहा कि मुसलमानों को लगातार धमकियाँ दी जा रही हैं।
ममलुकुर्रहमान बर्क ने कहा कि मुख्यमंत्री के बयानों में बार-बार मारपीट और सख्ती की भाषा इस्तेमाल होती है, जो एक समुदाय विशेष को डराने का प्रयास है। उन्होंने आरोप लगाया कि एक तरफ कांवड़ियों पर फूल बरसाए जाते हैं, वहीं दूसरी ओर मुसलमानों को नमाज़ पढ़ने तक में पाबंदियों का सामना करना पड़ता है।
उनका कहना था कि यदि कोई मुसलमान फुटपाथ पर नमाज़ पढ़ लेता है तो उसे गिरफ्तार कर लिया जाता है। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के पुराने मुकदमों का जिक्र करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री बनने के बाद अपने ऊपर दर्ज सभी मामलों को वापस ले लिया गया।
बर्क ने सवाल उठाया कि क्या यही सनातन धर्म की शिक्षा है या फिर सत्ता में होने का विशेषाधिकार। दादरी कांड का उल्लेख करते हुए ममलुकुर्रहमान बर्क ने कहा कि अखलाक की हत्या को दस साल हो चुके हैं, लेकिन सरकार ने कथित तौर पर आरोपियों के मामले वापस लेने के लिए कोर्ट को पत्र लिखा। इससे सरकार की मानसिकता स्पष्ट होती है।
उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में मॉब लिंचिंग की घटनाएँ बढ़ रही हैं और मदरसों के खिलाफ बुलडोजर कार्रवाई की जा रही है। देवबंद को लेकर भी उन्होंने नाराजगी जताई और कहा कि जिस स्थान से आज़ादी की जंग की तहरीक चली, उसे आतंकवाद का अड्डा बताया जा रहा है।
बर्क ने कहा कि यदि इन सभी घटनाओं की सूची बनाई जाए तो वह बहुत लंबी हो जाएगी। इस बयान के बाद राजनीतिक हलकों में हलचल तेज हो गई है और इसे आने वाले दिनों में सियासी बहस का बड़ा मुद्दा माना जा रहा है।

Janmat News 
