कैसे हाईजैक हुई जाफर एक्सप्रेस ? सुरंग में कैद पूरी ट्रेन !
पाकिस्तान के बलूचिस्तान में क्वेटा से पेशावर जा रही 'जाफर एक्सप्रेस' के अपहरण के बाद भारी हलचल मच गई है। अशांत बलूचिस्तान क्षेत्र में संदिग्ध बलूच आतंकवादियों ने ट्रेन में 155 यात्रियों को बंधक बना लिया था, जिन्हें सुरक्षित छुड़ा लिया गया, और 27 आतंकवादियों को मार गिराया गया। सुरक्षा अधिकारियों ने इस बारे में जानकारी दी

पाकिस्तान के बलूचिस्तान में क्वेटा से पेशावर जा रही 'जाफर एक्सप्रेस' के अपहरण के बाद भारी हलचल मच गई है। अशांत बलूचिस्तान क्षेत्र में संदिग्ध बलूच आतंकवादियों ने ट्रेन में 155 यात्रियों को बंधक बना लिया था, जिन्हें सुरक्षित छुड़ा लिया गया, और 27 आतंकवादियों को मार गिराया गया। सुरक्षा अधिकारियों ने इस बारे में जानकारी दी।
मंगलवार दोपहर, जाफर एक्सप्रेस जिसमें करीब 400 यात्री सवार थे, क्वेटा से पेशावर जा रही थी। इसी दौरान, हथियारबंद आतंकवादियों ने ट्रेन को गुडलार और पीरू कुनरी के पहाड़ी इलाके के पास स्थित एक सुरंग में रोक लिया। बलूचिस्तान लिबरेशन आर्मी (बीएलए) ने बाद में इस हमले की जिम्मेदारी ली। सुरक्षा सूत्रों ने यह पुष्टि की कि इस दौरान हुई मुठभेड़ में, महिलाओं और बच्चों समेत 104 यात्रियों को बचा लिया गया।
एक सूत्र ने बताया कि, 'अभी भी मुठभेड़ जारी है, जिसमें 27 आतंकवादी मारे गए हैं और कई अन्य घायल हो गए हैं।' सूत्रों के मुताबिक, सफाई अभियान तब तक जारी रहेगा जब तक सभी यात्री सुरक्षित नहीं निकाल लिए जाते। बचाए गए यात्रियों में 58 पुरुष, 31 महिलाएं और 15 बच्चे शामिल हैं, जिन्हें दूसरी ट्रेन से माच (पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत का एक शहर) भेज दिया गया है।
कैसे हुआ था पाकिस्तानी ट्रेन का हाईजैक?
पेशावर जा रही ट्रेन जैसे ही सुरंग में घुसी, उसी समय घात लगाकर बैठे बलूच विद्रोहियों ने उस पर हमला कर दिया। यह सुरंग एक बेहद दुर्गम पहाड़ी इलाके में स्थित है, जहां सबसे नजदीकी स्टेशन पहरो कुनरी है। आतंकवादियों ने अंधेरे का फायदा उठाकर छोटे-छोटे समूहों में बंटने की कोशिश की, लेकिन सुरक्षा बलों ने सुरंग को चारों ओर से घेर लिया है और बाकी यात्रियों को जल्द ही बचा लिया जाएगा।
बलूचिस्तान सरकार के प्रवक्ता शाहिद रिंद ने कहा कि सुरक्षा बल पहले ही 43 पुरुषों, 26 महिलाओं और 11 बच्चों समेत 80 यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालने में सफल रहे हैं। ट्रेन को टनल नंबर 8 में रोका गया था। जैसे ही गाड़ी सुरंग में रुकी, बलूच आर्मी के आतंकवादियों ने जाफर एक्सप्रेस को हाईजैक कर लिया और यात्रियों को बंधक बना लिया।
बोलन जिला पुलिस अधिकारी राणा मुहम्मद दिलावर ने इस घटना के बारे में कहा कि यह पूरा इलाका पहाड़ी है, और सुरंगों से घिरा हुआ है। उन्होंने बताया कि हाईजैक की घटना वाली ट्रेन इस समय बोलन दर्रे में खड़ी है, और पूरी जगह पहाड़ियों और सुरंगों से घिरी हुई है, जिसके कारण मोबाइल नेटवर्क भी नहीं काम कर रहा है। यही कारण है कि रेस्क्यू ऑपरेशन में समस्याएं आ रही हैं।
Published By: Satish Kashyap