हरदोई में होटल संचालक पर वकीलों से मारपीट का आरोप, तीन अधिवक्ता घायल, प्रदर्शन कर जताया विरोध

खाना और पान मसाला को लेकर पान मसाला विक्रेता, रंजना होटल के मालिक तथा उनके चार-पांच कर्मचारियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोप है कि होटल मालिक, उसके कर्मचारी और पान मसाला विक्रेता ने एकजुट होकर अधिवक्ताओं पर जानलेवा हमला कर दिया।

हरदोई में होटल संचालक पर वकीलों से मारपीट का आरोप, तीन अधिवक्ता घायल, प्रदर्शन कर जताया विरोध
PUBLISHED BY - MANOJ KUMAR

हरदोई से सुनील कुमार की रिपोर्ट —

हरदोई/जनमत न्यूज। उत्तर प्रदेश के हरदोई जनपद में शहर क्षेत्र स्थित रंजना होटल पर वकीलों के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। इस घटना में तीन अधिवक्ता घायल हो गए, जिनमें से एक की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना के विरोध में सोमवार को अधिवक्ताओं ने प्रदर्शन करते हुए सांकेतिक हड़ताल कर आरोपियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की।

प्राप्त जानकारी के अनुसार कोतवाली देहात क्षेत्र के नयागांव मुबारकपुर निवासी अधिवक्ता रोहित सिंह ने कोतवाली शहर में तहरीर देकर बताया कि रविवार शाम करीब 6:45 बजे वह अपने साथी अधिवक्ता दीपक त्रिपाठी और दीपक पाल के साथ रंजना होटल में खाना पैक कराने गए थे। खाना तैयार होने में समय लगने के कारण वे पास ही पान मसाला की दुकान के पास खड़े हो गए।

इसी दौरान खाना और पान मसाला को लेकर पान मसाला विक्रेता, रंजना होटल के मालिक तथा उनके चार-पांच कर्मचारियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोप है कि होटल मालिक, उसके कर्मचारी और पान मसाला विक्रेता ने एकजुट होकर अधिवक्ताओं पर जानलेवा हमला कर दिया। तंदूर की सरिया और अन्य धारदार हथियारों से हमला किए जाने के कारण अधिवक्ता दीपक पाल गंभीर रूप से घायल हो गए और बेहोश हो गए। उन्हें तत्काल हरदोई मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया।

घटना की जानकारी मिलने पर सोमवार को बड़ी संख्या में अधिवक्ता एकत्र हुए और प्रदर्शन किया। अधिवक्ताओं ने कार्यबहिष्कार कर आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की। प्रदर्शन की सूचना पर मौके पर पहुंचे सीओ सिटी अंकित मिश्रा ने अधिवक्ताओं से बातचीत कर उन्हें शांत कराया।

अपर पुलिस अधीक्षक मार्तंड प्रकाश सिंह ने बताया कि मामले में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। एक आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है और अन्य आरोपियों के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने बताया कि पुलिस कार्रवाई से अधिवक्ता संतुष्ट हैं। इस घटना के बाद शहर में माहौल तनावपूर्ण रहा, हालांकि पुलिस की तत्परता से स्थिति पर नियंत्रण बना हुआ है।