पोक्सो की धाराएं हटाने के विरोध में परिवार का 11 दिनों से धरना, न्याय की मांग

पीड़ित परिवार अपनी मांगों पर अड़ा हुआ है। अब यह देखना अहम होगा कि प्रशासन इस प्रकरण में क्या रुख अपनाता है और पीड़ित परिवार को न्याय कब तक मिल पाता है।

पोक्सो की धाराएं हटाने के विरोध में परिवार का 11 दिनों से धरना, न्याय की मांग
PUBLISHED BY - MANOJ KUMAR

मुजफ्फरनगर से संजय कुमार की रिपोर्ट —

मुजफ्फरनगर/जनमत न्यूज। जनपद मुजफ्फरनगर के थाना खालापार क्षेत्र अंतर्गत मोहल्ला कृष्णापुरी में एक पीड़ित परिवार पिछले 11 दिनों से धरने पर बैठा हुआ है। परिवार का आरोप है कि उनके मामले में पुलिस द्वारा की गई जांच से वे संतुष्ट नहीं हैं और गंभीर धाराओं को अनुचित रूप से हटाया गया है।

परिजनों के अनुसार आरोपी दीपक वर्मा के खिलाफ प्रारंभ में पोक्सो एक्ट एवं महिला उत्पीड़न से संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। हालांकि, विवेचना के दौरान पुलिस ने पोक्सो सहित कुछ गंभीर धाराएं हटा दीं, जिससे परिवार में भारी आक्रोश है। पीड़ित परिवार का कहना है कि इस कार्रवाई से उन्हें न्याय मिलता नजर नहीं आ रहा है।

धरने पर बैठे परिजनों का आरोप है कि पुलिस ने मामले की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच नहीं की। उनका कहना है कि उपलब्ध तथ्यों और परिस्थितियों के बावजूद गंभीर धाराएं हटाना गलत है। परिवार की मांग है कि मुकदमे में पुनः गंभीर धाराएं जोड़कर संपूर्ण प्रकरण को न्यायालय में भेजा जाए, ताकि दोषियों को सजा मिल सके।

लगातार चल रहे धरने के कारण क्षेत्र में मामला चर्चा का विषय बना हुआ है। आसपास के लोगों में भी इसको लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हैं। वहीं पुलिस का कहना है कि विवेचना साक्ष्यों के आधार पर की गई है और नियमानुसार ही कार्रवाई की गई है।

फिलहाल पीड़ित परिवार अपनी मांगों पर अड़ा हुआ है। अब यह देखना अहम होगा कि प्रशासन इस प्रकरण में क्या रुख अपनाता है और पीड़ित परिवार को न्याय कब तक मिल पाता है।