लखनऊ: 11 दिसम्बर को होगा अवधी आराधकों का समागम, अवधी की दशा-दिशा पर व्यापक परिचर्चा करेंगे विद्वान
अवधी प्रकोष्ठ द्वारा आगामी 11 दिसम्बर को ठीक 11 बजे लखनऊ के राय उमानाथ बली प्रेक्षागृह, कैसरबाग में अभूतपूर्व "अवधी समारोह" आयोजित किया जाएगा।
लखनऊ/जनमत न्यूज़। उत्तर प्रदेश साहित्य सभा के अवधी प्रकोष्ठ द्वारा आगामी 11 दिसम्बर को ठीक 11 बजे लखनऊ के राय उमानाथ बली प्रेक्षागृह, कैसरबाग में अभूतपूर्व "अवधी समारोह" आयोजित किया जाएगा। इसमें पद्मश्री विद्या बिंदु सिंह, प्रोफेसर सूर्य प्रसाद दीक्षित एवं सीतापुर के एमएलसी पवन सिंह चौहान की विशेष उपस्थिति रहेगी।
'अवध-अवधी:विविध सन्दर्भ' का होगा विमोचन
अवधी समारोह-2025 के आयोजन समिति से जुड़े नागेन्द्र बहादुर सिंह चौहान ने बताया कि समारोह में अवध भारती संस्थान के संस्थापक अध्यक्ष राष्ट्रपति सम्मान से सम्मानित अवधी के दधीच डॉ राम बहादुर मिश्र को समर्पित 740 पन्ने के एक विराट अवधी शोध ग्रन्थ "अवध-अवधी:विविध सन्दर्भ" का विमोचन किया जाएगा। इस समारोह का संचालन उत्तर प्रदेश साहित्य सभा के संस्थापक अध्यक्ष स्माइल मैन सर्वेश अस्थाना करेंगे।
अवधी-हिन्दी दुभाषिया नागेन्द्र बहादुर सिंह चौहान के मुताबिक इस अवधी समारोह में भारत और नेपाल के लगभग सभी अवधी जनपदों के मूर्धन्य अवधी साहित्यकार सहभागी बनेंगे।
आराधकों का होगा स्वागत-सम्मान
इस समारोह में अवधी भाषा, साहित्य एवं संस्कृति की दिशा-दशा पर व्यापक चर्चा की जाएगी। समस्त आगत अवधी आराधकों का अंगवस्त्र एवं स्मृतिचिन्ह से स्वागत-सम्मान होगा। इसमें अवधी व्यंजन कढ़ी-चावल और रायता भी छकने को मिलेगा।
अवधी समारोह की तैयारियों में जुटे प्रदीप सारंग ने बताया कि इस ऐतिहासिक अवधी समारोह में सभी सम्मानित अवधी आराधकों, विद्वानों एवं साहित्यकारों से विशेष अनुरोध किया गया है कि वे प्रस्तावित विषयों में किसी एक विषय पर अपने विचार लिखकर अवश्य लाएं क्योंकि, आयोजक मंडल चाहकर भी सभी अवधी आराधकों को सम्बोधन के लिए मंच पर आमंत्रित नहीं कर सकेगा।
इन विषयों पर लिख सकते हैं अपने विचार
1. इक्कीसवीं सदी में अवधी
2 अवधी गजल
3. अवधी नवगीत
4. अवधी बरवै
5. सिनेमा में अवधी
7. नेपाल में अवधी
7. बैसवारी अवधी
8. बघेली, छत्तीसगढ़ी और अवधी
9. अवधी की सांस्कृतिक चेतना
10. अवधी भाषा थी चुनौतियाँ
11. संचार माध्यम में अवधी
12. सोशल मीडिया और अवधी
13. अवधी सेवी संस्थाएँ
14. अवधी भाषी जनपदों में अवधी साहित्य (प्रत्येक जनपद पर अलग-अलग)
15. भोजपुरी और अवधी
16. अवधी व्यंजन
17. अवधी वस्त्राभूषण
18. अवधी लोककथा, लोकगाथा
19. विभिन्न विश्वविद्यालयों द्वारा किए गए अवधी शोध
20. बोलियाँ और आठवीं अनुसूची
21. अवधी का गद्य साहित्य.
22. अवधी : विविध विधाओं में सृजन- कहानी, उपन्यास, लघु कथा, यात्रा वृत्तांत, खंड काव्य, महा काव्य, हाइकु, क्षणिका, गजल, नवगीत, गीत, मुक्तक, अगीत.
23. अवधी का भौगोलिक परिदृश्य
24. अवधी के हीरक
25. अवधी कविताः सामाजिक सरोकार

Janmat News 
