हरदोई पुलिस को बड़ी सफलता, चोरी की 7 बाइकों के साथ 2 शातिर चोर गिरफ्तार

उप्र की हरदोई जिला पुलिस ने वाहन चोरी और नकबजनी की वारदातों पर लगाम लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत एक बड़ी कामयाबी हासिल की है।

हरदोई पुलिस को बड़ी सफलता, चोरी की 7 बाइकों के साथ 2 शातिर चोर गिरफ्तार
Published By- Diwaker Mishra

हरदोई से सुनील कुमार की रिपोर्ट

हरदोई/जनमत न्यूज़। उप्र की हरदोई जिला पुलिस ने वाहन चोरी और नकबजनी की वारदातों पर लगाम लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत एक बड़ी कामयाबी हासिल की है।

स्वाट, सर्विलांस और थाना अतरौली पुलिस की संयुक्त टीम ने चेकिंग के दौरान दो शातिर वाहन चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी की 7 स्प्लेंडर मोटरसाइकिलें बरामद की हैं।

पुलिस की पूछताछ में गिरफ्तार अभियुक्तों ने स्वीकार किया कि वे आर्थिक लाभ कमाने के उद्देश्य से हरदोई के अलग-अलग क्षेत्रों से बाइक चोरी करते थे। पकड़े जाने के डर से वे तुरंत मोटरसाइकिलों की नंबर प्लेट हटा देते थे और फिर उन्हें सस्ते दामों पर बेच दिया करते थे।

सीओ सण्डीला संतोष कुमार सिंह ने बताया कि जो लोग इस मामले में गिरफ्तार किये गए है कि उनमें सर्वेश कुमार उर्फ भूपे पुत्र छोटक्के सिंह, निवासी ग्राम भेरखा, थाना अतरौली,सीपू पुत्र सुनील,निवासी ग्राम गुरसंडा थाना टंडियावां शामिल है।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, गिरफ्तार दोनो का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है। सर्वेश कुमार उर्फ भूपे के खिलाफ थाना अतरौली और कछौना में चोरी व आर्म्स एक्ट समेत 4 मामले दर्ज हैं।

वहीं, दूसरे अभियुक्त सीपू के खिलाफ थाना टंडियावां में पॉक्सो एक्ट और बीएनएस की धाराओं के तहत गंभीर मामला दर्ज है। पुलिस अब अन्य जनपदों से भी इनके आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटा रही है।

इस कामयाबी में एसओजी/स्वाट व सर्विलांस टीम के प्रभारी उप-निरीक्षक राजेश कुमार, सर्विलांस टीम प्रभारी अब्दुल जब्बार, थाना अतरौली पुलिस टीम के वरिष्ठ उप-निरीक्षक विनोद कुमार शर्मा और उनकी पूरी टीम की मुख्य भूमिका रही।पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया है।