“दिल में कुछ, ज़ुबान पर कुछ...” — राहुल गांधी की माफी पर मायावती का तीखा तंज
राहुल गांधी की पिछड़े वर्गों से माफी पर मायावती ने कांग्रेस को घेरा। कहा- यह घड़ियाली आंसू हैं, कांग्रेस कभी पिछड़ों की हितैषी नहीं रही। पढ़ें पूरी खबर।
लखनऊ/जनमत न्यूज़: कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा पिछड़े वर्गों से मांगी गई माफी पर बहुजन समाज पार्टी (BSP) प्रमुख मायावती ने करारा हमला बोला है। उन्होंने कांग्रेस पर "स्वार्थ की राजनीति" का आरोप लगाते हुए इसे “घड़ियाली आंसू” बताया है। राहुल गांधी ने लोकसभा में कहा था कि उन्हें अगर पिछड़े समाज की पीड़ा पहले समझ में आती, तो वह बहुत पहले जातिगत जनगणना करवा देते।
लेकिन मायावती ने इस बयान को नाटक करार देते हुए कहा कि कांग्रेस और अन्य जातिवादी पार्टियों ने दशकों से दलितों, आदिवासियों और पिछड़ों का सिर्फ शोषण किया है।
BSP सुप्रीमो ने शनिवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' (पूर्व में ट्विटर) पर लिखा:“राहुल गांधी का यह स्वीकारना कि कांग्रेस ओबीसी समाज के लोगों को उनका संवैधानिक हक़ नहीं दिला पाई — यह कोई नई बात नहीं है। यह दिल में कुछ और, ज़ुबान पर कुछ और जैसा स्वार्थी राजनीतिक रवैया है।”
उन्होंने यह भी जोड़ा कि:“कांग्रेस और अन्य जातिवादी पार्टियों ने मिलकर SC/ST/OBC आरक्षण को निष्क्रिय कर दिया है, ताकि बहुजन समाज को राजनीतिक और आर्थिक तौर पर कमजोर बनाए रखा जा सके।”
मायावती ने जोर देकर कहा कि बहुजन समाज पार्टी ही एकमात्र पार्टी है जो दलितों, आदिवासियों और पिछड़ों के अधिकारों की सच्ची लड़ाई लड़ती है। उन्होंने बसपा शासन के दौरान सामाजिक सुरक्षा, धर्म की आज़ादी और कल्याणकारी योजनाओं का हवाला देते हुए लिखा:“उत्तर प्रदेश में बसपा सरकार के कार्यकाल में सर्वसमाज के ग़रीबों और बहुजन समाज के सम्मान और सुरक्षा की पूरी गारंटी रही है।”
मायावती ने एनडीए सरकार को भी कटघरे में खड़ा किया और कहा कि:“बीजेपी की भी नीति और नीयत दोहरी है। बाबासाहेब को भारत रत्न देने में देरी, ओबीसी आरक्षण में बाधा, और बैकलॉग खाली न करना — ये सब बताता है कि इनकी सोच भी जातिवादी है।”

Janmat News 
