डीएम के औचक निरीक्षण में लापरवाही उजागर, कई कर्मचारी निलंबित
डीएम संजय चौहान ने निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों, कर्मचारियों और तकनीकी सहायकों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कार्यों की प्रगति का विस्तृत मूल्यांकन किया।
अमेठी/जनमत न्यूज़। जिले में चल रहे विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण अभियान के तहत डीएम संजय चौहान ने सोमवार को तहसील अमेठी सभागार में आयोजित डिजिटलाइज्ड कार्यक्रम का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों, कर्मचारियों और तकनीकी सहायकों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कार्यों की प्रगति का विस्तृत मूल्यांकन किया।
सूचना विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार, जिलाधिकारी ने इसके बाद प्राथमिक विद्यालय कोहरा में चल रहे पुनरीक्षण कार्यों की भी आकस्मिक समीक्षा की। इस दौरान उनके साथ उप जिलाधिकारी अमेठी आशीष सिंह मौजूद रहे। डीएम ने कोहरा ग्राम पंचायत में प्रपत्र वितरण, एकत्रीकरण और डिजिटलाइजेशन की प्रगति की समीक्षा की, जो अत्यंत असंतोषजनक पाई गई।
इस पर कड़ा रुख अपनाते हुए जिलाधिकारी ने खंड विकास अधिकारी अमेठी बृजेश सिंह को प्रतिकूल प्रविष्टि जारी करने के निर्देश दिए। साथ ही ग्राम पंचायत अधिकारी कीर्ति सिंह, पंचायत सहायक, रोजगार सेवक, सफाई कर्मचारी और बीएलओ को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने का आदेश दिया। इसके अतिरिक्त सुपरवाइजर/लेखपाल को चेतावनी जारी करने के निर्देश भी दिए गए।
निर्देशों के अनुपालन में मुख्य विकास अधिकारी सचिन कुमार सिंह ने खंड विकास अधिकारी को विशेष प्रतिकूल प्रविष्टि जारी करते हुए विकासखंड अमेठी के एसआईआर कार्यों में सुव्यवस्था और समयबद्ध प्रगति सुनिश्चित करने हेतु प्रवीण कुमार को विशेष प्रभार सौंपा है।
जिलाधिकारी चौहान ने कहा कि यह विशेष अभियान तभी प्रभावी और सफल हो सकता है जब सभी अधिकारी-कर्मचारी अपनी जिम्मेदारियों का ईमानदारी से निर्वहन करें। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि गणना प्रपत्र समयबद्ध तरीके से वितरित किए जाएं और मतदाताओं को प्रपत्र भरने की प्रक्रिया के बारे में पूर्ण एवं सटीक जानकारी उपलब्ध कराई जाए। डीएम ने चेताया कि इस महत्वपूर्ण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने बताया कि विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण अभियान का उद्देश्य मतदाता सूची को सटीक, त्रुटिरहित और अद्यतन बनाना है, ताकि कोई भी पात्र मतदाता सूची से वंचित न रहे और कोई अपात्र व्यक्ति सूची में शामिल न रह जाए। उन्होंने इसे लोकतंत्र को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताया।
ज्ञातव्य है कि यह विशेष अभियान 4 दिसंबर से 25 दिसंबर तक संचालित किया जाएगा। इस अवधि में बीएलओ घर-घर जाकर गणना प्रपत्र वितरित करेंगे, जिन्हें मतदाताओं को भरकर पुनः बीएलओ को सौंपना होगा।

Janmat News 
