राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए बोले निशिकांत दुबे: 1991 में कांग्रेस ने किया था भारत-पाक सैन्य समझौता, क्या यह देशद्रोह नहीं?
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद निशिकांत दुबे ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला है। दुबे ने 1991 के भारत-पाकिस्तान सैन्य समझौते का हवाला देते हुए राहुल गांधी पर पाखंड का आरोप लगाया |

नई दिल्ली/ जनमत:- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद निशिकांत दुबे ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला है। दुबे ने 1991 के भारत-पाकिस्तान सैन्य समझौते का हवाला देते हुए राहुल गांधी पर पाखंड का आरोप लगाया और कहा कि कांग्रेस द्वारा किए गए फैसलों पर अब सवाल उठाना दोगलापन है।
"1991 का समझौता कांग्रेस समर्थित सरकार ने किया था" - निशिकांत दुबे
भाजपा सांसद ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व में ट्विटर) पर पोस्ट करते हुए लिखा: "राहुल गांधी जी, यह समझौता आपकी पार्टी समर्थित सरकार ने 1991 में किया था। इसमें यह प्रावधान था कि भारत और पाकिस्तान एक-दूसरे को सैन्य गतिविधियों, आक्रमण या सेना की तैनाती जैसी जानकारी साझा करेंगे। क्या अब आप इसे देशद्रोह कहेंगे?"
दुबे ने कांग्रेस पर कटाक्ष करते हुए कहा, "कांग्रेस का हाथ पाकिस्तानी के साथ", और आरोप लगाया कि पार्टी हमेशा से पाकिस्तानी वोट बैंक की राजनीति करती आई है।
राहुल गांधी की विदेश मंत्री जयशंकर पर टिप्पणी पर भी सवाल
निशिकांत दुबे ने राहुल गांधी की विदेश मंत्री एस. जयशंकर पर की गई टिप्पणी को अवांछनीय और असंगत करार दिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस द्वारा पूर्व में पाकिस्तान के साथ किए गए समझौतों के बावजूद अब विदेश नीति पर सवाल उठाना खुद कांग्रेस की विश्वसनीयता पर प्रश्नचिन्ह खड़ा करता है।
"पाकिस्तान एक आतंकवादी राष्ट्र है" - ANI से बोले दुबे
एएनआई को दिए एक साक्षात्कार में निशिकांत दुबे ने पाकिस्तान को 1947 से एक आतंकवादी राष्ट्र करार दिया और कहा कि भारत लंबे समय से कश्मीर मुद्दे पर पाकिस्तान से संघर्ष कर रहा है। उन्होंने कहा:
"नेहरू-लियाकत समझौता (1950), सिंधु जल संधि, शिमला समझौता (1975) – कांग्रेस की सरकारों ने बार-बार पाकिस्तान को रियायतें दीं। लेकिन आज वही पार्टी राष्ट्रीय सुरक्षा पर सवाल उठा रही है, ये दोहरी नीति है।"
राहुल गांधी @RahulGandhi जी यह आपकी बनाई हुई सरकार के समय का समझौता है ।1991 में आपकी पार्टी समर्थित सरकार ने यह समझौता किया कि किसी भी आक्रमण या सेना के मूवमेंट की जानकारी का आदान प्रदान भारत व पाकिस्तान एक दूसरे से करेगा।क्या यह समझौता देशद्रोह है? कांग्रेस का हाथ पाकिस्तानी… pic.twitter.com/Me8XFHm0da — Dr Nishikant Dubey (@nishikant_dubey) May 23, 2025
कांग्रेस पर FIR की मांग
दुबे ने आरोप लगाया कि 1991 और 1994 में जब कांग्रेस ने चंद्रशेखर और फिर नरसिम्हा राव की सरकार को समर्थन दिया, उस दौरान किए गए समझौतों में भारतीय सेनाओं की तैनाती और रणनीति जैसी संवेदनशील जानकारी साझा करने की बात शामिल थी।
उन्होंने आरोप लगाया: "क्या यह देशद्रोह नहीं है? क्या ऐसे समझौते करने वालों के खिलाफ एफआईआर दर्ज नहीं होनी चाहिए?"