बलरामपुर में AIMIM का शक्ति प्रदर्शन, हाजी शौकत अली बोले- अब मुसलमान खुद करेगा अपना फैसला
बलरामपुर जनपद के पचपेड़वा विकासखंड के ग्राम सिसहनिया घोपलापुर में AIMIM के प्रदेश अध्यक्ष हाजी शौकत अली का स्वागत किया गया और शक्ति प्रदर्शन देखने को मिला है।
बलरामपुर से गुलाम नबी कुरैशी की रिपोर्ट
बलरामपुर/जनमत न्यूज़। उप्र के बलरामपुर जनपद के पचपेड़वा विकासखंड के ग्राम सिसहनिया घोपलापुर में AIMIM (ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन) के प्रदेश अध्यक्ष हाजी शौकत अली का स्वागत किया गया और शक्ति प्रदर्शन देखने को मिला है।
इस दौरान आयोजित जनसभा में उन्होंने मौजूदा राजनीतिक हालात और मुस्लिम समाज की भूमिका को लेकर तीखे सवाल उठाए। सभा में बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे और माहौल पूरी तरह राजनीतिक रंग में रंगा नजर आया।
हाजी शौकत अली ने अपने संबोधन में कहा कि बीते वर्षों में मुसलमानों के साथ अन्याय हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि मदरसों पर बुलडोजर चलाए गए, घर उजाड़े गए और पहचान को मिटाने की कोशिश की गई, लेकिन ऐसे समय में कोई भी बड़ी पार्टी खुलकर साथ खड़ी नहीं हुई।
उन्होंने भाजपा पर नफरत की राजनीति करने का आरोप लगाया, वहीं समाजवादी पार्टी पर भी मुसलमानों की अपेक्षाओं पर खरा न उतरने की बात कही। कहा कि 2017 और 2022 के विधानसभा चुनावों में मुसलमानों ने रणनीतिक तौर पर समाजवादी पार्टी को वोट दिया, लेकिन सत्ता का फायदा भाजपा को मिला।
हाजी शौकत अली ने सवाल उठाया कि प्रदेश में करीब 20 प्रतिशत मुस्लिम वोट किसके हित में इस्तेमाल हो रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि जब मुसलमान उम्मीदवार मैदान में उतरता है, तो यादव वोट दूसरी तरफ शिफ्ट हो जाता है, जिससे गठबंधन और सेक्युलर राजनीति पर सवाल खड़े होते हैं।
प्रदेश अध्यक्ष ने साफ कहा कि अब मुस्लिम समाज को अपना फैसला खुद लेना होगा। उन्होंने ऐलान किया कि आगामी पंचायत चुनाव 2027 और विधानसभा चुनाव में AIMIM पूरी मजबूती से मैदान में उतरेगी और मुसलमान अपने प्रत्याशियों को जिताने का काम करेगा। उनका कहना था कि जो पार्टी या नेता समुदाय की लड़ाई नहीं लड़ सकता, उसे वोट देने का कोई औचित्य नहीं है।
सभा के दौरान AIMIM नेताओं और कार्यकर्ताओं ने संगठन को मजबूत करने का आह्वान किया। कार्यक्रम के अंत में “एकता और जागरूकता” का संदेश देते हुए हाजी शौकत अली ने कहा कि यह समय एकजुट होने और अपनी राजनीतिक ताकत पहचानने का है।

Janmat News 
