प्रतापगढ़ में यातायात माह का शुभारंभ, सड़क सुरक्षा को लेकर पुलिस ने संभाली कमान; लोगों को किया जागरूक
उप्र के प्रतापगढ़ जनपद में सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से रविवार को यातायात माह नवंबर का शुभारंभ किया गया।
प्रतापगढ़ से विकास गुप्ता की रिपोर्ट
प्रतापगढ़/जनमत न्यूज़। उप्र के प्रतापगढ़ जनपद में सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से रविवार को यातायात माह नवंबर का शुभारंभ किया गया।
पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर, अपर पुलिस अधीक्षक आलोक कुमार, यातायात क्षेत्राधिकारी रविन्द्र प्रताप सिंह एवं यातायात प्रभारी मनोज कुमार की मौजूदगी में जागरूकता अभियान की शुरुआत हुई।
इस दौरान अधिकारियों ने वाहन चालकों से दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट लगाने और चारपहिया वाहन चलाते समय सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से इस्तेमाल करने की अपील की।
यातायात माह के दौरान पुलिस विशेष जागरूकता अभियान चलाकर लोगों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करेगी। वहीं, नाबालिगों के वाहन चलाने, तेज रफ्तार और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।



