संभल में कच्चे मकान की छत गिरी, मासूम समेत दो की मौत; छह लोग गंभीर रूप से घायल

उप्र के संभल जनपद में कच्चे मकान की छत पर मिट्टी डालने के दौरान पूरी छत भरभराकर गिर गई। मलबे में दबने से 4 वर्षीय मासूम बच्ची और एक महिला की मौत हो गई, जबकि छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

संभल में कच्चे मकान की छत गिरी, मासूम समेत दो की मौत; छह लोग गंभीर रूप से घायल
Published By- Diwaker Mishra

संभल से राम व्रेश यादव की रिपोर्ट

संभल/जनमत न्यूज़। उप्र के संभल जनपद में कच्चे मकान की छत पर मिट्टी डालने के दौरान पूरी छत भरभराकर गिर गई। मलबे में दबने से 4 वर्षीय मासूम बच्ची और एक महिला की मौत हो गई, जबकि छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने मासूम बच्ची और महिला को मृत घोषित कर दिया।

मामला जनपद के कैलादेवी थाना क्षेत्र के चंदनकाटी मौजा गांव का है। लगातार हो रही बारिश के कारण कच्चे मकान की छत कमजोर हो गई थी। परिवार के लोग छत को मजबूत करने के लिए उस पर मिट्टी डाल रहे थे, ताकि बारिश का पानी घर के अंदर न टपके।

ग्रामीणों के मुताबिक, जैसे ही लोग छत पर चढ़कर मिट्टी डालने लगे, अचानक पूरी छत भरभराकर गिर गई। देखते ही देखते कई लोग मलबे में दब गए। हादसे के बाद पूरे गांव में चीख-पुकार मच गई।

हादसे में रेणु की 4 वर्षीय बेटी दिव्यांशी और रिश्ते में उसकी ताई की मलबे में दबने से मौत हो गई। वहीं 35 वर्षीय रामचंद्र, उनकी पत्नी सूरजमुखी, 11 वर्षीय बेटा अंशुल, घर आई बहन धर्मावती, 4 वर्षीय श्याम और 5 वर्षीय अमीषा गंभीर रूप से घायल हो गए।

सूचना मिलते ही सभी घायलों को सरकारी एंबुलेंस से बहजोई सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने दिव्यांशी और महिला को मृत घोषित कर दिया। अन्य घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। चिकित्सकों के अनुसार सभी घायलों का इलाज जारी है।

राधेश्याम ने बताया हम लोग कच्ची छत पर मिट्टी डाल रहे थे। अचानक छत भरभराकर टूट गई और नीचे गिर गई। हादसे में 5 से 6 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। लगातार बारिश के कारण छत कमजोर हो गई थी।