एटा में मंत्री असीम अरुण ने पूर्व सीएम पर साधा निशाना, घुमंतू जातियों की योजनाएं बंद करने का आरोप

उप्र के एटा जनपद में प्रदेश सरकार के समाज कल्याण राज्य मंत्री असीम अरुण ने पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव पर निशाना साधा है।

एटा में मंत्री असीम अरुण ने पूर्व सीएम पर साधा निशाना, घुमंतू जातियों की योजनाएं बंद करने का आरोप
Published By- Diwaker Mishra

एटा से नंद कुमार की रिपोर्ट

एटा/जनमत न्यूज़। उप्र के एटा जनपद में प्रदेश सरकार के समाज कल्याण राज्य मंत्री असीम अरुण ने पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव पर निशाना साधा है। उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्व मुख्यमंत्री ने अपने कार्यकाल के दौरान घुमंतू जातियों के हितों के लिए बनी योजनाओं को बंद कर दिया था। मंत्री अरुण एटा के जिला पंचायत परिसर में आयोजित घूमंतू जातियों के सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घुमंतू जातियों के विकास पर विशेष ध्यान दिया है। उनकी सरकार ने घुमंतू विकास बोर्ड का गठन किया है, जिसका उद्देश्य इन जातियों का सर्वांगीण विकास सुनिश्चित करना है।

मंत्री ने जातिगत जनगणना की आवश्यकता पर भी जोर दिया। उन्होंने बताया कि इसका काम शुरू हो चुका है, जिससे जनसंख्या के अनुपात में आरक्षण और विकास की योजनाएं बनाई जा सकें। अखिलेश यादव के 'पीडीए' (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) फॉर्मूले और दलितों को लुभाने के सवाल पर असीम अरुण ने पलटवार किया।

उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव को दलितों और पिछड़ों की चिंता तब करनी चाहिए थी, जब वे मुख्यमंत्री थे। उन्होंने आरोप लगाया कि अखिलेश सरकार ने अनुसूचित जाति, जनजाति और पिछड़ों के कल्याण के लिए बनी कई योजनाओं को बंद कर दिया था।

मंत्री असीम अरुण ने घुमंतू जातियों के लोगों से अपील की कि वे अपना आधार कार्ड, जाति प्रमाण पत्र और निवास प्रमाण पत्र जैसे आवश्यक दस्तावेज बनवा लें। इससे उन्हें विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ आसानी से मिल सकेगा।

उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) 2027 के विधानसभा चुनावों में शानदार जीत हासिल करेगी। मथुरा में गौ रक्षक की हत्या पर हुए बवाल के संबंध में पूछे जाने पर मंत्री ने टिप्पणी करने से इनकार कर दिया। उन्होंने कहा कि इस घटना पर गृह विभाग द्वारा बयान देना उचित होगा, क्योंकि उनके पास इस संबंध में कोई पुष्ट जानकारी नहीं है।