शाहजहांपुर: अखिलेश यादव की गिरफ्तारी पर सपा का विरोध प्रदर्शन, लोकतंत्र की हत्या का लगाया आरोप
उप्र के शाहजहांपुर जनपद में मंगलवार दोपहर को समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष तनवीर खां ने पदाधिकारियों के साथ नगर निगम स्थित शहीद प्रतिमाओं के पास विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया है।
शाहजहांपुर से राजीव शुक्ला की रिपोर्ट
शाहजहांपुर/जनमत न्यूज़। उप्र के शाहजहांपुर जनपद में मंगलवार दोपहर को समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष तनवीर खां ने पदाधिकारियों के साथ नगर निगम स्थित शहीद प्रतिमाओं के पास विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया है।
उन्होंने अखिलेश यादव को तत्काल रिहा करने की मांग की है। उनका आरोप है कि सरकार ने लोकतंत्र की हत्या की है। दरअसल, दिल्ली में इंडिया गठबंधन के सांसदों का धरना चल रहा है, जिसमें विपक्ष के सभी नेता शामिल हुए हैं।
उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव जब इस धरने में शामिल होने गए, तो उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।
जिलाध्यक्ष तनवीर खां ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार बनने के बाद से भाजपा, आरएसएस और चुनाव आयोग मिलकर जनता के वोट डालने के अधिकार को छीन रहे हैं। उन्होंने कहा कि जब तक अखिलेश यादव को रिहा नहीं किया जाएगा, तब तक उनका धरना जारी रहेगा।



