"रघुराज सिंह का विवादित बयान: होली पर तिरपाल हिजाब पहनकर बाहर निकलने की दी सलाह"
देश में जब भी कोई त्योहार आता है, राजनीति का रंग भी नजर आ ही जाता है। अब होली के त्योहार से पहले उत्तर प्रदेश के राज्य मंत्री रघुराज सिंह का एक बयान विवादों में आ गया है। उन्होंने कहा कि होली के दिन तिरपाल का हिजाब पहनकर घर से बाहर निकलें।
लखनऊ (जनमत): देश में जब भी कोई त्योहार आता है, राजनीति का रंग भी नजर आ ही जाता है। अब होली के त्योहार से पहले उत्तर प्रदेश के राज्य मंत्री रघुराज सिंह का एक बयान विवादों में आ गया है। उन्होंने कहा कि होली के दिन तिरपाल का हिजाब पहनकर घर से बाहर निकलें। जब मंत्री से यह सवाल किया गया कि होली और रमजान का जुमा एक दिन पर पड़ रहा है, तो उन्होंने कहा कि होली के दिन सफेद टोपी वालो को तिरपाल पहनकर बाहर जाना चाहिए। इस तरह से रंग और गुलाल से बचा जा सकता है, क्योंकि होली साल में एक बार ही आती है।
इसके साथ ही रघुराज सिंह ने यह भी सुझाव दिया कि मस्जिदों को तिरपाल से ढक दिया जाए और महिलाएं हिजाब की तरह तिरपाल पहनकर नमाज के लिए बाहर जाएं। उनका कहना था कि इस तरीके से रंग और गुलाल से बचा जा सकता है, जबकि लोग होली खेलते वक्त यह नहीं सोचते कि रंग किस हद तक फैल सकते हैं।
इस बार होली और जुमे की नमाज एक ही दिन पड़ रहे हैं, जिससे विवाद बढ़ गया है। मुस्लिम समुदाय के लिए जुमे का महत्व खास होता है, खासकर जब वह रमजान के महीने का हो। इसी बीच यूपी के बलिया से भाजपा विधायक केतकी सिंह का भी एक विवादित बयान आया था, जिसमें उन्होंने कहा था कि मुस्लिमों के लिए अस्पतालों में अलग व्यवस्था होनी चाहिए, क्योंकि उन्हें होली और रामनवमी जैसे त्योहारों से परेशानी होती है।
यह विवाद तब शुरू हुआ जब संभल के सीओ अनुज चौधरी ने यह टिप्पणी की थी कि साल में 52 दिन जुमा आता है, जबकि होली एक बार। ऐसे में जिन लोगों को रंगों से परहेज है, उन्हें घर से बाहर नहीं निकलना चाहिए। इस बयान के बाद विवाद गहरा गया और राजनीतिक नेता भी इस मुद्दे पर बयान देने से पीछे नहीं हटे।
Published By : Satish Kashyap

Janmat News 
