संभल: मोहर्रम से पहले डीएम और एसपी ने निकाला फ्लैग मार्च, शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील
उप्र के संभल जनपद में मोहर्रम पर्व से पहले डीएम और एसपी ने सड़क पर उतरकर कई थानों की पुलिस फोर्स के साथ 7 किलोमीटर लंबा फ्लैग मार्च निकाला।
संभल से रामव्रेश यादव की रिपोर्ट
संभल/जनमत न्यूज़। उप्र के संभल जनपद में मोहर्रम पर्व से पहले डीएम और एसपी ने सड़क पर उतरकर कई थानों की पुलिस फोर्स के साथ 7 किलोमीटर लंबा फ्लैग मार्च निकाला। सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते हुए अधिकारियों ने मोहर्रम की तैयारियों की समीक्षा की।
निर्देश दिए गए कि ताजियों की ऊंचाई 12 फीट से अधिक नहीं होगी। साथ ही भागीरथ तीर्थ से अतिक्रमण हटाने के निर्देश भी दिए गए। अधिकारियों ने संवेदनशील इलाकों का दौरा कर लोगों से शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील की और चेतावनी दी कि यदि कोई शांति व्यवस्था भंग करने की कोशिश करेगा तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
बता दें कि संभल में मोहर्रम पर्व से पहले सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने और सरकारी व तीर्थ स्थलों की भूमि पर हुए अतिक्रमण को हटाने के लिए जिला प्रशासन सक्रिय हो गया है।
जिलाधिकारी अंकित खंडेलवाल और पुलिस अधीक्षक कृष्ण कुमार बिश्नोई ने कई थानों की पुलिस फोर्स के साथ सड़क पर उतरकर करीब 7 किलोमीटर लंबा फ्लैग मार्च किया और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक निर्देश दिए।
इस दौरान जगह-जगह लगे सीसीटीवी कैमरों का निरीक्षण किया गया। सार्वजनिक भूमि पर हुए अस्थायी कब्जों को हटाने के निर्देश दिए गए।
मोहर्रम पर्व की तैयारियों का भी जायजा लिया गया तथा संबंधित विभागों को साफ-सफाई सहित अन्य व्यवस्थाओं के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। डीएम और एसपी ने भागीरथ तीर्थ का निरीक्षण किया, जहां अस्थायी अतिक्रमण की शिकायत मिली थी।
जिलाधिकारी ने कहा कि ताजियों की पारंपरिक ऊंचाई में किसी प्रकार का बदलाव नहीं होना चाहिए। मोहर्रम, नमाज और अन्य पारंपरिक जुलूस तथा पर्व शासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार ही मनाए जाएं।
उन्होंने स्पष्ट किया कि ताजियों की ऊंचाई 12 फीट से अधिक नहीं होगी।सोशल मीडिया पर भी पुलिस की कड़ी निगरानी रखी जाएगी। यदि कोई व्यक्ति शांति व्यवस्था भंग करने का प्रयास करता है तो उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
संभल जिलाधिकारी अंकित खंडेलवाल ने बताया कि आगामी त्योहारों को देखते हुए शहर में व्यवस्थाओं का निरीक्षण करने के लिए फ्लैग मार्च किया गया है। मोहर्रम नजदीक है, इसलिए साफ-सफाई और अन्य व्यवस्थाओं को दुरुस्त करना आवश्यक है। इसी उद्देश्य से भ्रमण किया गया है।
उन्होंने बताया कि नगर पालिका और अन्य संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। भागीरथ तीर्थ क्षेत्र में अतिक्रमण की शिकायत मिली थी, जिस पर कार्रवाई की जाएगी।
शासन को पहले भी इस क्षेत्र के विकास के लिए प्रस्ताव भेजा गया है और विकास योजनाओं पर कार्य कराया जाएगा। जिलाधिकारी ने कहा कि संभल क्षेत्र का निरीक्षण किया गया है और विकास की दृष्टि से भी क्षेत्र को देखा जा रहा है। सरकारी भूमि सुरक्षित रहे, इसके लिए लगातार निरीक्षण किया जा रहा है।
मोहर्रम को लेकर शासन के जो निर्देश हैं, उनका पालन कराया जाएगा। ताजियों की जो पारंपरिक ऊंचाई निर्धारित है, वही रहेगी और किसी प्रकार का बदलाव स्वीकार नहीं किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि सभी समुदायों और वर्गों के लिए जो गाइडलाइन जारी की जाती हैं, उनका पालन किया जाए। जो परंपराएं वर्षों से चली आ रही हैं, उन्हें उसी प्रकार शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराया जाएगा।

Janmat News 
