'ऑपरेशन दहन' के तहत संभल पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 18.54 करोड़ रुपये से अधिक के मादक पदार्थ नष्ट

उप्र के संभल जनपद में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान 'ऑपरेशन दहन' के तहत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है।

'ऑपरेशन दहन' के तहत संभल पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 18.54 करोड़ रुपये से अधिक के मादक पदार्थ नष्ट
Published By- Diwaker Mishra

संभल से रामव्रेश यादव की रिपोर्ट

संभल/जनमत न्यूज़। उप्र के संभल जनपद में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान 'ऑपरेशन दहन' के तहत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है।

जनपद के पांच थानों में दर्ज विभिन्न मामलों से बरामद किए गए भारी मात्रा में मादक पदार्थों का विधिक प्रक्रिया के तहत विनिष्टीकरण किया गया। पुलिस का कहना है कि नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ आगे भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

जनपद संभल में नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है। जिले के पांच थानों में दर्ज 20 अलग-अलग अभियोगों से बरामद किए गए कुल 12,343.74 किलोग्राम मादक पदार्थों को नियमानुसार नष्ट किया गया। पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में पूरी प्रक्रिया को संपन्न कराया गया।

पुलिस के द्वारा नष्ट किए गए मादक पदार्थों की अनुमानित कीमत 18 करोड़ 54 लाख 98 हजार 500 रुपये है। यह कार्रवाई नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने और समाज को नशामुक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रही है।

अपर पुलिस अधीक्षक (दक्षिणी) मनोज कुमार रावत ने बताया कि संभल पुलिस नशे के खिलाफ लगातार अभियान चला रही है। उन्होंने कहा कि युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाने और मादक पदार्थों की तस्करी पर रोक लगाने के लिए पुलिस पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।

एएसपी दक्षिणी ने स्पष्ट किया कि मादक पदार्थों की तस्करी, भंडारण और अवैध बिक्री में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। ऐसे तत्वों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने आमजन से भी अपील की कि नशे के कारोबार से जुड़ी किसी भी सूचना की जानकारी तत्काल पुलिस को दें, ताकि समाज को नशामुक्त बनाने के अभियान को और प्रभावी बनाया जा सके।