मिर्जापुर में दो अंतरजनपदीय असलहा तस्कर गिरफ्तार; 3 पिस्टल, कारतूस व मोटरसाइकिल बरामद
उप्र के मिर्जापुर जनपद के कछवा थाना कि पुलिस ने मुठभेड़ में नाबालिग समेत दो अंतरजनपदीय असलहा तस्करों को गिरफ्तार किया गया,
मिर्जापुर से आनन्द तिवारी की रिपोर्ट
मिर्जापुर/जनमत न्यूज़। उप्र के मिर्जापुर जनपद के कछवा थाना कि पुलिस ने मुठभेड़ में नाबालिग समेत दो अंतरजनपदीय असलहा तस्करों को गिरफ्तार किया गया, जबकि उनके दो साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। जिनकी पुलिस सरगर्मी से तलाश कर रही है।
आरोपी मध्य प्रदेश से असलहा लाकर दूने दाम में बेचते थे। इसका खुलासा एसपी नक्सल राजकुमार मीणा ने पुलिस लाइन में पत्रकार वार्ता के दौरान किया। उन्होंने बताया कि सहायक पुलिस अधीक्षक प्रशिक्षु कनिष्क आर. जामकर के पर्यवेक्षण में थाना कछवां पुलिस टीम सक्रिय थी।
4 मई को मुखबिर से सूचना मिली कि दो मोटरसाइकिलों पर सवार चार व्यक्ति अवैध असलहा लेकर भटौली मार्ग से भदोही की ओर जा रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने भटौली स्थित श्मशान घाट के पास घेराबंदी कर सघन चेकिंग शुरू की।
इसी दौरान दो बाइक सवार संदिग्ध आते दिखे। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया, लेकिन खुद को घिरता देख बदमाशों ने पुलिस पर जानलेवा फायरिंग कर दी और भागने का प्रयास किया। पुलिस टीम ने जवाबी कार्रवाई करते हुए दो अभियुक्तों को दबोच लिया, जबकि दो अन्य मौके से फरार हो गए।
पुलिस ने मौके से हरिओम पांडेय पुत्र गोपाल जी पांडेय समेत दो लोगों को गिरफ्तार किया है। दोनों प्रयागराज के रहने वाले हैं। इनके कब्जे से 3 पिस्टल, मैग्जीन, 1 जिंदा व 1 खोखा कारतूस, 2 मोबाइल तथा 1 मोटरसाइकिल हीरो स्प्लेंडर प्लस बरामद किया गया है।
आरोपियों ने बताया कि मध्य प्रदेश से करीब 15 हजार में पिस्टल खरीदकर आसपास के जिलों में ऊंचे दामों पर बेचते थे। इसका मुनाफा आपस में बांट लेते थे।
एसपी नक्सल राजकुमार मीणा ने बताया कि पुलिस फरार अभियुक्तों की तलाश में दबिश दे रही है । उन्होंने जल्द गिरफ्तारी का दावा किया ।

Janmat News 
