बाँदा में “मुस्कान अभियान” से लौटी चेहरे की मुस्कान, 20 लाख की कीमत के 111 मोबाइल फोन बरामद
उप्र की बाँदा पुलिस के “मुस्कान अभियान” के तहत पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। साइबर क्राइम पुलिस थाना और जिले के सभी थानों की साइबर टीम की संयुक्त कार्रवाई में जनता के खोए हुए 111 मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।
बाँदा से दुर्गेश कश्यप की रिपोर्ट
बाँदा/जनमत न्यूज़। उप्र की बाँदा पुलिस के “मुस्कान अभियान” के तहत पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। साइबर क्राइम पुलिस थाना और जिले के सभी थानों की साइबर टीम की संयुक्त कार्रवाई में जनता के खोए हुए 111 मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।
बरामद मोबाइल की अनुमानित कीमत करीब 20 लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस लाइन सभागार में अपर पुलिस अधीक्षक और सहायक पुलिस अधीक्षक साइबर क्राइम ने मोबाइल उनके असली मालिकों को सौंपे। मोबाइल वापस पाकर लोगों के चेहरे पर खुशी नजर आई और उन्होंने पुलिस का आभार जताया।
बाँदा पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल के निर्देश पर जनता के खोए हुए मोबाइल फोन को बरामद कर उनके स्वामियों तक पहुंचाने के लिए “मुस्कान अभियान” चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत साइबर क्राइम थाना और समस्त थानों की साइबर टीम ने लगातार मेहनत करते हुए अलग-अलग कंपनियों के कुल 111 एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किए।
इनमें साइबर क्राइम पुलिस थाना की टीम ने 80 मोबाइल, जबकि जिले के विभिन्न थानों की साइबर टीम ने 31 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। बरामद किए गए मोबाइल फोन की कुल अनुमानित कीमत करीब 20 लाख रुपये है।
आज पुलिस लाइन बाँदा के सभागार में आयोजित कार्यक्रम के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज और सहायक पुलिस अधीक्षक मेविस टॉक ने बरामद मोबाइल फोन उनके वास्तविक स्वामियों को सुपुर्द किए।
काफी समय बाद अपना खोया हुआ मोबाइल वापस पाकर लोगों के चेहरे पर खुशी साफ दिखाई दी। मोबाइल स्वामियों ने बाँदा पुलिस की इस पहल की सराहना करते हुए पुलिस के प्रति आभार व्यक्त किया।




