झारखंडी रेलवे फाटक पर आरओबी निर्माण को मिली एनओसी, बलरामपुर के विकास को लगे नए पंख

सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय, भारत सरकार के क्षेत्रीय कार्यालय लखनऊ से प्राप्त यह स्वीकृति जनपदवासियों के लिए किसी बड़ी सौगात से कम नहीं मानी जा रही है।

झारखंडी रेलवे फाटक पर आरओबी निर्माण को मिली एनओसी, बलरामपुर के विकास को लगे नए पंख
PUBLISHED BY - MANOJ KUMAR

बलरामपुर से गुलाम नबी की रिपोर्ट —

बलरामपुर/जनमत न्यूज। जनपद बलरामपुर के समग्र विकास की दिशा में एक बड़ी और दूरगामी उपलब्धि सामने आई है। झारखंडी रेलवे क्रॉसिंग (एल.सी. संख्या–136, स्पेशल 3ई) पर प्रस्तावित रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) के निर्माण के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण द्वारा अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) जारी कर दी गई है। सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय, भारत सरकार के क्षेत्रीय कार्यालय लखनऊ से प्राप्त यह स्वीकृति जनपदवासियों के लिए किसी बड़ी सौगात से कम नहीं मानी जा रही है।

झारखंडी रेलवे फाटक पर लगने वाले जाम की समस्या लंबे समय से आमजन के लिए परेशानी का कारण बनी हुई थी। आए दिन घंटों तक फाटक बंद रहने से राहगीरों, व्यापारियों, विद्यार्थियों और मरीजों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। अब रेलवे ओवरब्रिज के निर्माण से यातायात व्यवस्था सुगम होगी और लोगों को जाम की समस्या से स्थायी राहत मिलने की उम्मीद है।

इस बहुप्रतीक्षित परियोजना को हरी झंडी दिलाने में विधायक बलरामपुर सदर पल्टूराम, अन्य जनप्रतिनिधियों तथा जिलाधिकारी महोदय के निरंतर और समन्वित प्रयासों की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। केंद्र स्तर पर लगातार पत्राचार, बैठकों और प्रयासों के बाद अब यह महत्वपूर्ण स्वीकृति प्राप्त हो सकी है।

प्रस्तावित रेलवे ओवरब्रिज का निर्माण राष्ट्रीय राजमार्ग–730 पर चैनिज 323.680 से 324.845 के मध्य किया जाएगा। इस ओवरब्रिज का निर्माण उत्तर प्रदेश राज्य सेतु निगम लिमिटेड द्वारा अपने व्यय पर कराया जाएगा। इसके निर्माण से न केवल यातायात निर्बाध होगा, बल्कि समय और ईंधन की भी उल्लेखनीय बचत होगी।

विशेषज्ञों का मानना है कि यह रेलवे ओवरब्रिज केवल आवागमन की सुविधा तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि जनपद की आर्थिक गतिविधियों को भी नई गति प्रदान करेगा। व्यापार, शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं और औद्योगिक विकास को इससे सीधा लाभ मिलेगा। बेहतर कनेक्टिविटी के कारण आसपास के क्षेत्रों में निवेश की संभावनाएं भी बढ़ेंगी।

कुल मिलाकर झारखंडी रेलवे ओवरब्रिज के निर्माण के लिए एनओसी मिलना बलरामपुर के विकास पथ पर एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर है, जो आने वाले समय में जनपद की तस्वीर बदलने में अहम भूमिका निभाएगा।