रायबरेली पुलिस का सख्त एक्शन, जिला बदर अपराधी रछेंद्र सिंह उर्फ शरद सिंह गिरफ्तार

अभियुक्त को 17 सितंबर 2025 को जिला बदर किया गया था तथा उसे संबंधित आदेश की विधिवत नोटिस भी तामील कराई जा चुकी थी। इसके बावजूद आरोपी ने कानून को खुली चुनौती देते हुए जनपद की सीमा में प्रवेश किया और घूमता रहा।

रायबरेली पुलिस का सख्त एक्शन, जिला बदर अपराधी रछेंद्र सिंह उर्फ शरद सिंह गिरफ्तार
PUBLISHED BY - MANOJ KUMAR

रायबरेली से महाताब खान की रिपोर्ट —

रायबरेली/जनमत न्यूज। जनपद रायबरेली में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे सघन अभियान के तहत पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। जिला बदर घोषित किए गए कुख्यात अपराधी रछेंद्र सिंह उर्फ शरद सिंह को थाना कोतवाली नगर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आदेश की अवहेलना करते हुए जनपद में खुलेआम घूम रहे इस अपराधी को पुलिस ने जेल चौकी के पास से दबोच लिया।

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक रायबरेली के निर्देश एवं अपर पुलिस अधीक्षक के पर्यवेक्षण में 04 जनवरी 2026 को की गई। पुलिस के अनुसार अभियुक्त को 17 सितंबर 2025 को जिला बदर किया गया था तथा उसे संबंधित आदेश की विधिवत नोटिस भी तामील कराई जा चुकी थी। इसके बावजूद आरोपी ने कानून को खुली चुनौती देते हुए जनपद की सीमा में प्रवेश किया और घूमता रहा।

गिरफ्तारी के बाद थाना कोतवाली नगर में अभियुक्त के खिलाफ मु0अ0सं0 07/2026 धारा 10 उत्तर प्रदेश गुंडा नियंत्रण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार रछेंद्र सिंह उर्फ शरद सिंह के खिलाफ जनपद के विभिन्न थानों में हत्या के प्रयास, गैंगस्टर एक्ट सहित कई संगीन आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। लंबे समय से वह पुलिस की हिट लिस्ट में शामिल था।

इस गिरफ्तारी से जहां अपराधियों में हड़कंप मचा है, वहीं आम जनता ने राहत की सांस ली है। पुलिस अधिकारियों ने साफ शब्दों में कहा है कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के लिए रायबरेली में कोई स्थान नहीं है और अपराध के विरुद्ध यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।