बलरामपुर: राप्ती नदी में मिला गर्भवती विवाहिता का शव, मायके पक्ष ने लगाया दहेज हत्या का आरोप

उप्र के बलरामपुर जनपद के नगर कोतवाली क्षेत्र में शुक्रवार को उस समय हड़कंप मच गया जब राप्ती नदी के सीरिया घाट पर एक विवाहिता का शव उतराता हुआ मिला।

बलरामपुर: राप्ती नदी में मिला गर्भवती विवाहिता का शव, मायके पक्ष ने लगाया दहेज हत्या का आरोप
Published By- Diwaker Mishra

बलरामपुर से गुलाम नबी कुरैशी की रिपोर्ट

बलरामपुर/जनमत न्यूज़। उप्र के बलरामपुर जनपद के नगर कोतवाली क्षेत्र में शुक्रवार को उस समय हड़कंप मच गया जब राप्ती नदी के सीरिया घाट पर एक विवाहिता का शव उतराता हुआ मिला।

मृतका की पहचान कान्दभारी गांव निवासी 24 वर्षीय मंजीता वर्मा पत्नी राकेश वर्मा के रूप में हुई है। घटना के बाद मायके और ससुराल दोनों पक्षों में सनसनी फैल गई, जबकि मृतका के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

जानकारी के अनुसार मंजीता वर्मा मंगलवार रात से संदिग्ध परिस्थितियों में लापता थी। शुक्रवार को उसका शव राप्ती नदी में उतराता मिला, जिसकी सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। नगर कोतवाली पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

मौके पर फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने साक्ष्य जुटाकर जांच शुरू कर दी है। मृतका के पिता रामअभिलाख ने नगर कोतवाली में तहरीर देकर अपनी पुत्री की हत्या कर शव नदी में फेंके जाने का आरोप लगाया है।

उन्होंने बताया कि मंजीता की शादी 29 अप्रैल 2025 को राकेश वर्मा पुत्र दिनेश वर्मा निवासी ग्राम कान्दभारी के साथ हुई थी। शादी में सामर्थ्य के अनुसार दान-दहेज दिया गया था और दामाद को होंडा शाइन मोटरसाइकिल भी दी गई थी, लेकिन ससुराल पक्ष इससे संतुष्ट नहीं था।

पिता का आरोप है कि राकेश वर्मा बुलेट मोटरसाइकिल की मांग करता था, जबकि सास और ननद सोने की चेन व अंगूठी न मिलने से नाराज रहती थीं। इसी बात को लेकर उनकी पुत्री को लगातार प्रताड़ित किया जाता था।

उन्होंने बताया कि घटना से एक रात पहले मंजीता ने अपने मोबाइल से फोन कर बताया था कि पति और ससुराल पक्ष के लोग दहेज की मांग पूरी न होने पर उसे जान से मारने की कोशिश कर रहे हैं।

परिजनों के अनुसार मंजीता करीब सात माह की गर्भवती भी थी। पिता का कहना है कि 9 जून की रात करीब 10 बजे के बाद से उसका मोबाइल बंद हो गया। अगले दिन जब वह बेटी के ससुराल पहुंचे तो मंजीता घर पर नहीं मिली और ससुराल पक्ष कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सका।

इसके बाद से परिजन उसकी तलाश में जुटे थे। शुक्रवार को नदी में शव मिलने के बाद मायके पक्ष ने इसे दहेज हत्या का मामला बताते हुए आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

वहीं, नगर कोतवाली प्रभारी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मृतका के पिता की ओर से तहरीर प्राप्त हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।