अमेठी: ट्रेन में पानी बेचने की आड़ में मोबाइल चोरी, 21 मोबाइल व बैट्री समेत दो गिरफ्तार
उप्र के अमेठी जिले में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान ऑपरेशन चक्रव्यूह के तहत पुलिस ने चोरी की घटनाओं का खुलासा करते हुए दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है।
अमेठी से राम मिश्रा की रिपोर्ट
अमेठी/जनमत न्यूज़। उप्र के अमेठी जिले में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान ऑपरेशन चक्रव्यूह के तहत पुलिस ने चोरी की घटनाओं का खुलासा करते हुए दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने गिरफ्तार अभियुक्तों के कब्जे से चोरी के 21 एंड्रॉयड मोबाइल फोन और एक बैट्री बरामद की है। बरामद सामान की अनुमानित कीमत करीब पांच लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस के मुताबिक पुलिस अधीक्षक सरवणन टी. के निर्देशन में अपराधियों की धरपकड़ के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में चेकिंग के दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने सूरज कोरी और गोकुल मिश्रा को गिरफ्तार किया।
तलाशी के दौरान उनके कब्जे से 21 एंड्रॉयड मोबाइल फोन और एक बैट्री बरामद हुई। बरामद सामान के संबंध में कागजात मांगे जाने पर दोनों कोई कागजात प्रस्तुत नहीं कर सके।
पुलिस की पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि बरामद मोबाइल फोन और बैट्री चोरी की हैं। अभियुक्तों के अनुसार थाना क्षेत्र में एक युवक के डम्फर से तीन बैट्रियां चोरी की थीं, जिनमें से दो बैट्रियां बेच दी गईं और बिक्री से मिली रकम खर्च हो गई।
अभियुक्तों ने यह भी बताया कि 17 सितंबर को धौरहरा बाजार में एक व्यक्ति की जेब से मोबाइल चोरी किया था। इसके अलावा करीब 20 अन्य मोबाइल फोन अलग-अलग दिनों में ट्रेन में पानी बेचने के दौरान तथा अन्य स्थानों से चोरी किए गए थे। पुलिस ने दोनों अभियुक्तों को गिरफ्तार कर बरामदगी के आधार पर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।



