प्रतापगढ़: युवती का शव पुल के नीचे फंदे से लटका मिला, क्षेत्र में सनसनी; जांच में जुटी पुलिस
उप्र के प्रतापगढ़ जनपद के मानिकपुर थाना क्षेत्र के करेंटी स्थित दुर्गा भाभी सेतु पुल के नीचे मंगलवार सुबह एक 25 वर्षीय युवती का शव फंदे से लटका मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
प्रतापगढ़ से विकास गुप्ता की रिपोर्ट
प्रतापगढ़/जनमत न्यूज़। उप्र के प्रतापगढ़ जनपद के मानिकपुर थाना क्षेत्र के करेंटी स्थित दुर्गा भाभी सेतु पुल के नीचे मंगलवार सुबह एक 25 वर्षीय युवती का शव फंदे से लटका मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
सूचना मिलते ही मानिकपुर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। फॉरेंसिक टीम भी साक्ष्य संकलन में जुटी है। मृतका की पहचान प्रीति निर्मल (25 वर्ष) पुत्री रामदेव निर्मल, निवासी ऊंचा गांव, मुबारकपुर के रूप में हुई है।
परिजनों के अनुसार प्रीति चार बहनों और दो भाइयों में सबसे छोटी थी तथा उसकी अभी शादी नहीं हुई थी।परिजनों का कहना है कि 3 अगस्त की शाम करीब 7 बजे किसी बात पर डांट-फटकार के बाद वह घर से चली गई थी।
परिवार के लोगों ने रात भर उसकी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी। इसके बाद उन्होंने मामले की सूचना मानिकपुर थाना पुलिस को दी। परिजनों ने गांव के ही युवक अमित कुमार सोनकर (25 वर्ष) पुत्र संतोष कुमार सोनकर पर संदेह जताया।
पुलिस के अनुसार सूचना मिलने पर युवक को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया। मंगलवार सुबह स्थानीय लोगों ने करेंटी के दुर्गा भाभी सेतु पुल के नीचे युवती का शव फंदे से लटका देखा और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। फॉरेंसिक टीम द्वारा साक्ष्य एकत्र किए जा रहे हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।


