डीजे पर डांस को लेकर शादी समारोह में बवाल, बारातियों और बिचौलिया पक्ष में मारपीट
डीजे पर गाना बजाने को लेकर शुरू हुई बहस कुछ ही मिनटों में उग्र हो गई। पहले दोनों पक्षों के बीच तीखी नोकझोंक हुई, फिर मामला हाथापाई तक पहुंच गया।
मुजफ्फरनगर से संजय कुमार की रिपोर्ट —
मुजफ्फरनगर / जनमत न्यूज। जनपद के खतौली क्षेत्र में एक शादी समारोह उस समय तनावपूर्ण माहौल में बदल गया, जब डीजे पर डांस के दौरान मामूली कहासुनी ने हिंसक रूप ले लिया। देखते ही देखते बारात में शामिल लोगों और बिचौलिया पक्ष के बीच जमकर लात-घूंसे चलने लगे, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, डीजे पर गाना बजाने को लेकर शुरू हुई बहस कुछ ही मिनटों में उग्र हो गई। पहले दोनों पक्षों के बीच तीखी नोकझोंक हुई, फिर मामला हाथापाई तक पहुंच गया। शादी समारोह में मौजूद महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग घबराकर इधर-उधर भागने लगे।
अचानक हुए हंगामे से खुशी का माहौल तनाव में बदल गया। कुछ देर तक समारोह स्थल पर अफरातफरी का माहौल बना रहा और लोग एक-दूसरे को शांत कराने में जुटे रहे।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में किया। पुलिस की मौजूदगी में दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर मामला शांत कराया गया।
पुलिस का कहना है कि फिलहाल स्थिति सामान्य है। यदि किसी पक्ष की ओर से तहरीर दी जाती है तो जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Janmat News 
