प्रतापगढ़: डिलीवरी के बाद 26 वर्षीय महिला की मौत, परिजनों ने अस्पताल पर लगाया लापरवाही का आरोप
उप्र के प्रतापगढ़ जनपद के रानीगंज थाना क्षेत्र के राजापुर महोत्री गांव में डिलीवरी के बाद 26 वर्षीय महिला की हालत बिगड़ने से मौत हो गई।
प्रतापगढ़ से विकास गुप्ता की रिपोर्ट
प्रतापगढ़/जनमत न्यूज़। उप्र के प्रतापगढ़ जनपद के रानीगंज थाना क्षेत्र के राजापुर महोत्री गांव में डिलीवरी के बाद 26 वर्षीय महिला की हालत बिगड़ने से मौत हो गई।
परिजनों ने निजी अस्पताल में इलाज के दौरान लापरवाही का आरोप लगाया है। महिला की मौत के बाद अस्पताल में ताला लगा मिला और अस्पताल से जुड़े लोग मौके से चले गए।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है। राजापुर महोत्री, दुर्गागंज निवासी आकाश जायसवाल की पत्नी खुशबू जायसवाल को रविवार सुबह प्रसव के लिए रानीगंज स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
परिजनों के मुताबिक, डिलीवरी के दौरान खुशबू ने एक बच्ची को जन्म दिया। बच्ची के जन्म के करीब एक-दो घंटे बाद खुशबू की हालत अचानक बिगड़ने लगी। परिजनों का आरोप है कि महिला की ब्लीडिंग नहीं रुक रही थी।
अस्पताल के डॉक्टरों ने दो यूनिट खून की जरूरत बताई। इसके बाद हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने खुशबू को जौनपुर जिला अस्पताल रेफर कर दिया। परिजन महिला को लेकर जौनपुर जा रहे थे, लेकिन रास्ते में उसकी हालत और बिगड़ गई।
इसके बाद उसे प्रतापगढ़ मेडिकल कॉलेज लाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद खुशबू को मृत घोषित कर दिया। खुशबू की शादी आकाश जायसवाल से 30 अप्रैल 2025 को हुई थी। आकाश खेती-बाड़ी का काम करते हैं। नवजात बच्ची के जन्म के कुछ ही घंटे बाद मां की मौत से परिवार में मातम छा गया है।
महिला की मौत की जानकारी मिलने के बाद जब परिजन रानीगंज स्थित अस्पताल पहुंचे तो वहां ताला लगा मिला। उनका आरोप है कि अस्पताल से जुड़े लोग मौके से चले गए थे। घटना की सूचना पुलिस को दी गई।
रानीगंज क्षेत्राधिकारी प्रशांत राज हुड्डा ने बताया कि महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।



