कन्नौज के मुस्लिम समाज में नाजिया इलाही खान के बयानों को लेकर भारी आक्रोश, कार्रवाई की मांग
उप्र के कन्नौज जनपद में सुप्रीम कोर्ट की अधिवक्ता और खान लीगल सॉलिसिटर्स की प्रमुख नाजिया इलाही खान के खिलाफ मुस्लिम समाज और नगरवासियों ने कड़ा विरोध दर्ज कराया है।
कन्नौज से अश्विनी पाठक की रिपोर्ट
कन्नौज/जनमत न्यूज़। उप्र के कन्नौज जनपद में सुप्रीम कोर्ट की अधिवक्ता और खान लीगल सॉलिसिटर्स की प्रमुख नाजिया इलाही खान के खिलाफ मुस्लिम समाज और नगरवासियों ने कड़ा विरोध दर्ज कराया है।
इस संबंध में एक ज्ञापन भी शहर काजी के नेतृत्व मे सौंपा गया है। कन्नौज शहर काजी ज़ियाउल कमर के नेतृत्व मे मुस्लिम समाज ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर महामहिम राष्ट्रपति को एक ज्ञापन दिया।
ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि कोलकाता (पश्चिम बंगाल) की रहने वाली नाजिया इलाही खान सोशल मीडिया और विभिन्न मंचों से लंबे समय से इस्लाम धर्म और मुस्लिम समाज की धार्मिक मान्यताओं के खिलाफ आपत्तिजनक व भड़काऊ टिप्पणियां कर रही हैं।
शहर काजी ज़ियाउल कमर का कहना है कि हाल ही में उन्होंने पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब और उम्मुल मोमिनीन हजरत आयशा सिद्दीका की शान में अत्यंत अपमानजनक और अमर्यादित टिप्पणी की है। मुस्लिम समाज ने इसे बेहद दु:खद और आक्रोशित करने वाला बताया है।
समाज के लोगों का कहना है कि एक कानून की जानकार होने के बावजूद इस तरह की गैर-जिम्मेदाराना टिप्पणी करना चिंता का विषय है, जिससे समाज में निराशा और असंतोष बढ़ रहा है। कन्नौज के नागरिकों ने भारत सरकार से इस पूरे प्रकरण की निष्पक्ष और शीघ्र जांच कराने की मांग की है।
ज्ञापन में यह मांग की गई है कि यदि आरोप सही पाए जाते हैं, तो नाजिया इलाही खान के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में कोई भी किसी धर्म या उसके आदरणीय व्यक्तित्व के खिलाफ टिप्पणी करने का साहस न करे।


