दिल्ली: पुलिस पर मिर्ची स्प्रे छिड़कने में मामले पर एक्शन, दो FIR दर्ज; अब तक 22 गिरफ्तार
दिल्ली के इंडिया गेट पर प्रदूषण पर प्रदर्शन में हुए हंगामे पर पुलिस ने कड़ा एक्शन लिया है। दिल्ली पुलिस ने दो थानों में FIR दर्ज की है
नई दिल्ली/जनमत न्यूज़। दिल्ली के इंडिया गेट पर प्रदूषण पर प्रदर्शन में हुए हंगामे पर पुलिस ने कड़ा एक्शन लिया है। दिल्ली पुलिस ने दो थानों में FIR दर्ज की है और 22 प्रदर्शनकारियों को गिरफ्तार किया गया है। कर्तव्यपथ थाने में छह पुरुष प्रोटेस्टर्स को गिरफ्तार किया है तो वहीं दूसरी FIR संसद मार्ग थाने में दर्ज की गई है। जिसमें 17 प्रदर्शनकारियों को गिरफ्तार किया गया है।
ताजा अपडेट के मुताबिक, दिल्ली पुलिस ने कर्तव्यपथ थाने में दर्ज की गई एफआईआर में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत छह पुरुष प्रदर्शनकारियों को गिरफ्तार किया गया है। इन पर BNS की धारा 74, 79, 105(2), 132, 221, 223, और 6(2) के तहत आरोप लगाए गए हैं। इन धाराओं में सार्वजनिक शांति भंग करने, सरकारी आदेशों का उल्लंघन करने और अन्य संबंधित अपराधों का उल्लेख है।
संसद मार्ग थाने में दूसरी FIR और गिरफ्तारियां
वहीं, एक अन्य FIR संसद मार्ग थाने में दर्ज की गई है। इस एफआईआर के तहत 17 प्रदर्शनकारियों को गिरफ्तार किया गया है। इन पर BNS की धारा 223A, 132, 221, 121 A, 126 (2), और 3 (5) के तहत आरोप लगाए गए हैं। इन धाराओं में भी सार्वजनिक व्यवस्था को बिगाड़ने, सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने या अन्य गंभीर अपराधों का प्रावधान हो सकता है।
इंडिया गेट के पास वायु प्रदूषण पर प्रदर्शन
दिल्ली-NCR में वायु प्रदूषण के बढ़ते स्तर के विरोध में इंडिया गेट के पास प्रदर्शन कर रहे 15 लोगों को रविवार को पुलिस ने हिरासत में ले लिया था। प्रदर्शनकारियों के ऊपर पुलिस टीम पर पेपर स्प्रे करने का आरोप है, जिसमें तीन से चार पुलिसकर्मी घायल हुए। सभी घायलों का इलाज राम मनोहर लोहिया (RML) अस्पताल में चल रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मंगलवार दोपहर करीब 4.30 बजे कुछ प्रदर्शनकारी इंडिया गेट के सी-हेक्सागन क्षेत्र में एकत्र हुए। उनका प्राथमिक उद्देश्य वायु गुणवत्ता में लगातार हो रही गिरावट के प्रति अपना विरोध दर्ज कराना था। हालांकि, कुछ समय बाद प्रदर्शनकारियों ने नक्सली हिड़मा के पक्ष में नारेबाजी शुरू कर दी।
मौजूद पुलिस टीम ने प्रदर्शनकारियों को वहां से हटने का निर्देश दिया, लेकिन उन्होंने इसका पालन नहीं किया और नारेबाजी जारी रखी। इसके बाद, पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को हटाने की कार्रवाई शुरू की।
पुलिस का आरोप है कि इसी दौरान प्रदर्शनकारियों ने पुलिस टीम पर पेपर स्प्रे का इस्तेमाल किया, जिससे अफरा-तफरी मच गई और पुलिस तथा प्रदर्शनकारियों के बीच हल्की झड़प हुई। पुलिस अधिकारी ने बताया कि पेपर स्प्रे के कारण तीन से चार पुलिसकर्मी घायल हुए, जिन्हें आंखों में जलन की शिकायत थी। उन्हें तत्काल पास के आरएमएल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
FIR दर्ज होने से पहले पुलिस की कार्रवाई
प्रदर्शन के कारण इंडिया गेट के आसपास ट्रैफिक व्यवस्था में भी काफी बाधा उत्पन्न हुई। पुलिस अधिकारियों ने बताया था कि हिरासत में लिए गए 15 प्रदर्शनकारियों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने हिंसक व्यवहार और पुलिस बल पर हमला करने वाले व्यक्तियों के खिलाफ सख्त धाराओं में मामला दर्ज करने की बात कही है।
पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि वे अपनी शिकायतों और विरोध प्रदर्शनों को शांतिपूर्ण और कानूनी तरीके से व्यक्त करें, ताकि सार्वजनिक स्थानों की सुरक्षा और व्यवस्था प्रभावित न हो। इस घटना के बाद इंडिया गेट क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।

Janmat News 
