कुशीनगर: संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से लटकता मिला विवाहिता का शव, दहेज हत्या का आरोप

कुशीनगर जनपद से एक दर्दनाक और सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां संदिग्ध परिस्थितियों में 25 वर्षीय नवविवाहिता का शव घर के अंदर फंदे से लटकता हुआ मिला।

कुशीनगर: संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से लटकता मिला विवाहिता का शव, दहेज हत्या का आरोप
Published By- Diwaker Mishra

कुशीनगर से प्रदीप यादव की रिपोर्ट

कुशीनगर/जनमत न्यूज। उप्र के कुशीनगर जनपद से एक दर्दनाक और सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां संदिग्ध परिस्थितियों में 25 वर्षीय नवविवाहिता का शव घर के अंदर फंदे से लटकता हुआ मिला। घटना की जानकारी मिलते ही पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और मौके पर भारी संख्या में लोगों की भीड़ जुट गई।

मामला विशुनपुरा थाना क्षेत्र के दुदही नगर पंचायत के वार्ड नंबर 9 का है। मृतका की पहचान नेहा के रूप में हुई है, जिसकी शादी महज दो माह पहले ही हुई थी। नवविवाहिता की अचानक मौत से जहां ससुराल पक्ष में खामोशी है, वहीं मायके पक्ष का रो-रोकर बुरा हाल है।

मायके वालों ने ससुरालियों पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि दहेज की मांग को लेकर नेहा को लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था और इसी प्रताड़ना के चलते उसकी हत्या कर इसे आत्महत्या का रूप दिया गया है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए ससुराल पक्ष के कई लोगों को हिरासत में लिया गया है। मौके पर सीओ तमकुहीराज राकेश प्रताप सिंह सहित कई थानों की पुलिस मौजूद रही।

पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल यह मामला आत्महत्या है या दहेज हत्या, इसका खुलासा जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा।