बलिया में 14 जून को 13 केंद्रों पर होगी प्रवक्ता प्रारंभिक परीक्षा, 5643 अभ्यर्थी होंगे शामिल
उप्र के बलिया जनपद में उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UPPSC) द्वारा आयोजित प्रवक्ता (पुरुष/महिला) राजकीय इंटर कॉलेज प्रारंभिक परीक्षा को शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं।
बलिया से गणेश तिवारी की रिपोर्ट
बलिया/जनमत न्यूज़। उप्र के बलिया जनपद में उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UPPSC) द्वारा आयोजित प्रवक्ता (पुरुष/महिला) राजकीय इंटर कॉलेज प्रारंभिक परीक्षा को शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। इस संबंध में शुक्रवार को विकास भवन सभागार में जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई।
जिलाधिकारी ने बताया कि प्रवक्ता (पुरुष/महिला) राजकीय इंटर कॉलेज प्रारंभिक परीक्षा 14 जून को प्रातः 09:30 बजे से 11:30 बजे तक आयोजित होगी। जनपद में परीक्षा के लिए कुल 13 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां 5643 अभ्यर्थी परीक्षा में सम्मिलित होंगे।
परीक्षा को निष्पक्ष एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए 13 सेक्टर मजिस्ट्रेट, 13 स्टेटिक मजिस्ट्रेट, केंद्र व्यवस्थापक एवं सहायक केंद्र व्यवस्थापकों की तैनाती की गई है। जिलाधिकारी ने सभी सेक्टर मजिस्ट्रेटों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने परीक्षा केंद्रों का पूर्व निरीक्षण कर आवश्यक व्यवस्थाओं का सत्यापन कर लें।
उन्होंने केंद्र व्यवस्थापकों को निर्देश दिया कि सभी परीक्षा केंद्रों पर जनरेटर, सीसीटीवी कैमरे, पेयजल तथा बायोमेट्रिक सत्यापन की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही कर्मचारियों एवं पुलिस कांस्टेबलों की तैनाती समय से की जाए। परीक्षा कक्षों में पंखों की व्यवस्था, साफ-सफाई तथा अन्य आवश्यक सुविधाएं भी दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने कहा कि परीक्षा की गोपनीयता, पारदर्शिता एवं सुरक्षा बनाए रखने के लिए सभी अधिकारी निर्धारित दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन करें, ताकि परीक्षा शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष वातावरण में संपन्न हो सके।
बैठक में सीडीओ ओजस्वी राज, एडीएम अनिल कुमार, सिटी मजिस्ट्रेट आसाराम वर्मा, समस्त सेक्टर मजिस्ट्रेट/स्टेटिक मजिस्ट्रेट, केंद्र व्यवस्थापक एवं सहायक केन्द्र व्यवस्थापक आदि उपस्थित रहे।

Janmat News 
