राहुल गांधी के दौरे से पहले रायबरेली में लगे विवादित बैनर, नेताओं को बताया ‘ब्रह्मा-विष्णु-महेश’

कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के दो दिवसीय दौरे से पहले रायबरेली की राजनीति गरमा गई है। शहर में लगे विवादित बैनरों ने माहौल को गर्म कर दिया है।

राहुल गांधी के दौरे से पहले रायबरेली में लगे विवादित बैनर, नेताओं को बताया ‘ब्रह्मा-विष्णु-महेश’
REPORTED BY - MAHATAB KHAN, PUBLISHED BY - MANOJ KUMAR

रायबरेली/जनमत न्यूज। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के दो दिवसीय दौरे से पहले रायबरेली की राजनीति गरमा गई है। शहर में लगे विवादित बैनरों ने माहौल को गर्म कर दिया है। इन बैनरों में विपक्षी दलों के तीन प्रमुख नेताओं को हिंदू धर्म के देवी-देवताओं के रूप में दर्शाया गया है।

बैनर पर लिखा है— “इंडिया की अंतिम आशा, कलयुग के ब्रह्मा-विष्णु-महेश।” इसमें बिहार के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव को ब्रह्मा, कांग्रेस सांसद राहुल गांधी को विष्णु और समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को महेश (भगवान शिव) के रूप में दिखाया गया है।

जानकारी के अनुसार ये पोस्टर समाजवादी पार्टी लोहिया वाहिनी के प्रदेश सचिव राहुल निर्मल बागी द्वारा लगवाए गए हैं। राहुल गांधी के आगमन से पहले लगाए गए इन बैनरों ने सोशल मीडिया पर भी खूब हलचल मचा दी है।

जहां समर्थक इसे विपक्षी एकता और उम्मीद का प्रतीक बता रहे हैं, वहीं विरोधी इसे धार्मिक भावनाओं से खिलवाड़ करार दे रहे हैं। रायबरेली की सड़कों और चौराहों पर लगे ये बैनर अब चर्चा का मुख्य विषय बने हुए हैं। राजनीतिक विश्लेषकों का कहना है कि आगामी लोकसभा चुनाव से पहले इस तरह के प्रतीकात्मक संदेश विपक्षी रणनीति का हिस्सा हो सकते हैं।