बहराइच में तीन तहसीलों के दर्जनों गांव जलमग्न, किसानों की फसलें डूबीं
देर रात आई अचानक बाढ़ ने मोतीपुर, नानपारा और महसी तहसील के तकरीबन एक दर्जन से अधिक गांवों को अपनी चपेट में ले लिया। चारों तरफ पानी फैलने से ग्रामीणों की गृहस्थी सैलाब के बीच फंस गई है।
बहराइच/जनमत न्यूज। जनपद बहराइच में बाढ़ ने विकराल रूप धारण कर लिया है। देर रात आई अचानक बाढ़ ने मोतीपुर, नानपारा और महसी तहसील के तकरीबन एक दर्जन से अधिक गांवों को अपनी चपेट में ले लिया। चारों तरफ पानी फैलने से ग्रामीणों की गृहस्थी सैलाब के बीच फंस गई है। बाढ़ के पानी से महसी तहसील के पूरे प्रसाद और जानकी नगर सहित कई गांवों में घरों के भीतर तक पानी घुस गया है। इससे ग्रामीणों के सामान को नुकसान होने की आशंका है। लोग अपने घरों को छोड़कर सुरक्षित स्थानों की ओर पलायन करने लगे हैं।
बाढ़ से हजारों हेक्टेयर में खड़ी फसलें पूरी तरह जलमग्न हो गई हैं। किसानों को भारी नुकसान का सामना करना पड़ रहा है। वहीं, बाढ़ पीड़ितों को खाने-पीने की सामग्री की भी किल्लत झेलनी पड़ रही है।
प्रशासनिक अधिकारियों ने बाढ़ग्रस्त इलाकों में लोगों को सुरक्षित निकालने के लिए राहत एवं बचाव कार्य तेज कर दिए हैं। बाढ़ प्रभावित लोगों के लिए आश्रय स्थल बनाए गए हैं, जहां उन्हें सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा रहा है। अचानक आई बाढ़ से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। बाढ़ के पानी से चारों ओर सैलाब जैसा दृश्य दिखाई दे रहा है, जिससे लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं।

Janmat News 
