एटा में मंडलायुक्त संगीता सिंह ने की विकास कार्यों की व्यापक समीक्षा, जलेसर के घुंघरू-घंटी उद्योग की सराहना
मंडलायुक्त ने स्वयं बूथ संख्या 124 एवं 125 पर पहुंचकर निरीक्षण किया और अधिकारियों को निर्देश दिया कि एसआईआर (स्पेशल समरी रिवीजन) अभियान के अंतर्गत नाम संशोधन, नाम विलोपन एवं नए मतदाताओं के पंजीयन का कार्य शत-प्रतिशत समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए।
एटा/जनमत न्यूज़। मंडलायुक्त संगीता सिंह ने सोमवार को जलेसर पहुंचकर तहसील सभागार में अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक की। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र में चल रही विभिन्न विकास योजनाओं, प्रशासनिक व्यवस्थाओं तथा चुनाव आयोग के दिशा-निर्देशों पर आधारित एसआईआर अभियान की प्रगति का जायजा लिया।
मंडलायुक्त ने स्वयं बूथ संख्या 124 एवं 125 पर पहुंचकर निरीक्षण किया और अधिकारियों को निर्देश दिया कि एसआईआर (स्पेशल समरी रिवीजन) अभियान के अंतर्गत नाम संशोधन, नाम विलोपन एवं नए मतदाताओं के पंजीयन का कार्य शत-प्रतिशत समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए। उन्होंने बूथ लेवल अधिकारियों से फॉर्म-6, 6ए, 7 और 8 की स्थिति की जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
समीक्षा बैठक के बाद मंडलायुक्त संगीता सिंह ने जलेसर के प्रसिद्ध घुंघरू-घंटी उद्योग का निरीक्षण किया, जो जिले के ओडीओपी (वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट) के रूप में पहचान रखता है। उन्होंने कारीगरों से बातचीत की और निर्माण प्रक्रिया को समझा।
मंडलायुक्त ने कहा कि जलेसर में तैयार किए जा रहे घुंघरू और मंदिरों में बजने वाले घंटे देश-विदेश में एटा की पहचान बन चुके हैं। देश के अनेक प्रमुख एवं विश्व प्रसिद्ध मंदिरों में जलेसर के बने घंटे आज भी गूंज रहे हैं, जिससे जिले की हस्तशिल्प कला को वैश्विक पहचान मिली है।
समीक्षा के दौरान उन्होंने यह भी बताया कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा जलेसर को दी गई गैस पाइपलाइन परियोजना का कार्य प्रारंभ करा दिया गया है, जो स्थानीय कारीगरों और उद्योगों के लिए बड़ा लाभ साबित होगा। यह सुविधा भविष्य में उत्पादन लागत घटाएगी और कारोबार को और गति देगी।
मंडलायुक्त संगीता सिंह ने जलेसर स्थित पटना पक्षी विहार का भी निरीक्षण किया और संरक्षण संबंधी तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को आगंतुकों के लिए बेहतर सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण एवं समीक्षा कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी प्रेम रंजन सिंह, अपर जिलाधिकारी सत्य प्रकाश सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्याम नारायण सिंह, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजेंद्र प्रसाद, उप जिलाधिकारी भावना विमल, तहसीलदार संदीप कुमार सहित जिले के कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Janmat News 
