अस्पताल बंद होने से गर्भवती महिला ने गेट पर दिया बच्चे को जन्म, स्वास्थ्य विभाग में मचा हड़कंप

फतेहपुर जिले में स्वास्थ्य विभाग की घोर लापरवाही का मामला सामने आया है। बकेवर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में समय पर सुविधा न मिलने के चलते एक गर्भवती महिला ने अस्पताल के गेट के बाहर ही बच्चे को जन्म दे दिया।

अस्पताल बंद होने से गर्भवती महिला ने गेट पर दिया बच्चे को जन्म, स्वास्थ्य विभाग में मचा हड़कंप
REPORTED BY - BHIM SHANKAR, PUBLISHED BY - MANOJ KUMAR

फतेहपुर/जनमत न्यूज। फतेहपुर जिले में स्वास्थ्य विभाग की घोर लापरवाही का मामला सामने आया है। बकेवर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में समय पर सुविधा न मिलने के चलते एक गर्भवती महिला ने अस्पताल के गेट के बाहर ही बच्चे को जन्म दे दिया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, महिला प्रसव पीड़ा के चलते अस्पताल पहुंची थी, लेकिन अस्पताल का दरवाजा बंद मिला। कोई डॉक्टर या स्टाफ मौजूद नहीं था। परिवार वालों ने मदद के लिए गुहार लगाई, लेकिन प्रसव शुरू हो गया और महिला ने गेट के बाहर ही बच्चे को जन्म दिया।

सूचना मिलने पर कुछ देर बाद स्वास्थ्यकर्मी मौके पर पहुंचे और प्रसूता को अस्पताल के भीतर भर्ती किया गया। हैरान करने वाली बात यह रही कि अस्पताल प्रशासन ने जच्चा-बच्चा को 24 घंटे पूरे होने से पहले ही डिस्चार्ज कर दिया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही जिले भर में हड़कंप मच गया। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि किस तरह महिला अस्पताल के बाहर प्रसव पीड़ा में पड़ी हुई है और कोई स्वास्थ्य सुविधा मौजूद नहीं है।

बताया जा रहा है कि महिला का पति पुणे में शटरिंग का काम करता है और वह कुछ समय से अपने मायके में रह रही थी। इस अमानवीय घटना ने स्वास्थ्य सेवाओं की हकीकत को उजागर कर दिया है। जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग के उच्चाधिकारियों ने मामले का संज्ञान लेने की बात कही है और जांच के आदेश दिए गए हैं।