हरदोई: एक्सप्रेसवे पर पलटी बस, एक महिला की मौत 3 घायल; ड्राइवर को नींद आने से हुआ हादसा

उप्र के हरदोई के सवायजपुर थाना क्षेत्र में गंगा एक्सप्रेसवे पर किलोमीटर संख्या 289 पर बस अनियंत्रित होकर पलट गई जिससे एक महिला की मौत हो गयी जबकि 3 यात्री गम्भीर रूप से घायल हो गए।

हरदोई: एक्सप्रेसवे पर पलटी बस, एक महिला की मौत 3 घायल; ड्राइवर को नींद आने से हुआ हादसा
Published By- Diwaker Mishra

हरदोई से सुनील कुमार की रिपोर्ट

हरदोई/जनमत न्यूज़। उप्र के हरदोई के सवायजपुर थाना क्षेत्र में गंगा एक्सप्रेसवे पर किलोमीटर संख्या 289 पर बस अनियंत्रित होकर पलट गई जिससे एक महिला की मौत हो गयी जबकि 3 यात्री गम्भीर रूप से घायल हो गए। हादसे के समय बस में 50 यात्री सवार थे। हादसा चालक को नींद आने के कारण हुआ।

सीओ हरपालपुर सत्येंद्र कुमार सिंह ने बताया कि एक बस अमेठी के शंकरगंज से दिल्ली के आनंद विहार की ओर जा रही थी, तभी किलोमीटर संख्या 289 पर अनियंत्रित होकर हादसे का शिकार हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस ने मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य शुरू किया।

पुलिस ने सभी घायलों को तुरंत एम्बुलेंस के जरिए नजदीकी चिकित्सालय भिजवाया और अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने 32 वर्षीय महिला शहर पत्नी नासिर निवासी रानीगंज बाजार अमेठी को मृत घोषित कर दिया।

हादसे में गंभीर रूप से घायल जयेन्द्र पुत्र भारत सिंह निवासी प्रतापपुर, रायबरेली आसमो बानो पत्नी मोहम्मद नाजिम निवासी रानीगंज बाजार व मोहम्मद नासिर पुत्र मोहम्मद नाजिम निवासी रानीगंज बाजार अमेठी का इलाज किया जा रहा है।

पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है और पुलिस प्रशासन ने घटना की जानकारी मृतक महिला के परिजनों को दे दी है।पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।