रायबरेली: पानी की टंकी के बाहर सो रहे व्यक्ति की धारदार हथियार से हत्या, इलाके में सनसनी
उप्र के रायबरेली जनपद के बछरावां थाना क्षेत्र के ठकुराइन खेड़ा गांव में रविवार देर रात एक व्यक्ति की धारदार हथियार से हत्या कर दिए जाने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
रायबरेली से महताब खान की रिपोर्ट
रायबरेली/जनमत न्यूज़। उप्र के रायबरेली जनपद के बछरावां थाना क्षेत्र के ठकुराइन खेड़ा गांव में रविवार देर रात एक व्यक्ति की धारदार हथियार से हत्या कर दिए जाने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
मृतक की पहचान राम सजीवन निवासी बछरावां के रूप में हुई है। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया और गांव में दहशत का माहौल है। जानकारी के अनुसार राम सजीवन गांव में स्थित पानी की टंकी के बाहर चारपाई पर सो रहे थे।
इसी दौरान अज्ञात हमलावरों ने उन पर धारदार हथियार से हमला कर दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। सुबह जब आसपास के लोगों ने चारपाई पर खून से लथपथ शव देखा तो हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही बछरावां थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं आसपास के लोगों से पूछताछ कर घटना के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।
घटना की खबर मिलते ही परिजन मौके पर पहुंच गए। शव देखकर परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। पुलिस का कहना है कि हत्या के कारणों की जांच की जा रही है और सभी पहलुओं पर पड़ताल की जा रही है। जल्द ही घटना का खुलासा करने का दावा किया जा रहा है।

Janmat News 
