फतेहपुर में बोर्ड परीक्षा के दौरान बड़ा फर्जीवाडा हुआ बेनकाब, 5 मुन्ना भाई गिरफ्तार
उप्र के जनपद फतेहपुर में चल रही हाईस्कूल-इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षा के दौरान बड़ी धांधली का खुलासा हुआ है।
फतेहपुर से भीमशंकर की रिपोर्ट
फतेहपुर/जनमत न्यूज़। उप्र के जनपद फतेहपुर में चल रही हाईस्कूल-इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षा के दौरान बड़ी धांधली का खुलासा हुआ है। प्रथम पाली के गणित पेपर में दूसरे के स्थान पर परीक्षा देने का संगठित फर्जीवाड़ा पकड़े जाने से शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के मुताबिक डीआईओएस राकेश सिंह को इनपुट मिला था कि कुछ संदिग्ध परीक्षार्थी असली छात्रों की जगह बैठकर परीक्षा दे रहे हैं। सूचना मिलते ही संदिग्ध परीक्षा केंद्रों पर विशेष निर्देश जारी किए गए और सघन सर्चिंग अभियान चलाया गया।
जांच के दौरान पंडित दीनदयाल इंटरमीडिएट कॉलेज, दानियालपुर परीक्षा केंद्र पर आंतरिक सचल दल, स्टेटिक टीम और केंद्र व्यवस्थापक की संयुक्त कार्रवाई में बड़ा खुलासा हुआ, जहाँ पाँच फर्जी परीक्षार्थी दूसरों की जगह परीक्षा देते हुए रंगे हाथों पकड़ लिए गए।
पकड़े गए परीक्षार्थियों में ओपी यादव इंटर कॉलेज, मेवाराम विद्या ज्ञान इंटर कॉलेज और आदर्श उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सीतापुर बहरामपुर से पंजीकृत छात्रों की जगह बैठे युवक शामिल बताए जा रहे हैं, जो व्यवस्थित तरीके से बोर्ड परीक्षा में सेंध लगाने की कोशिश कर रहे थे।
पूछताछ के दौरान सभी आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे दूसरे अभ्यर्थियों के स्थान पर परीक्षा दे रहे थे। इतना ही नहीं, उन्होंने कुछ लोगों के नाम भी उजागर किए हैं, जिनमें ज्ञानेंद्र कुमार श्रीवास्तव, मनोज कुमार और एक प्रधानाचार्य का नाम भी सामने आया है, जिससे पूरे नेटवर्क की आशंका और गहरा गई है।
कार्रवाई करते हुए पाँचों फर्जी परीक्षार्थियों को तत्काल पुलिस के हवाले कर दिया गया है और उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। साथ ही शिक्षा विभाग ने स्पष्ट कर दिया है कि जिन विद्यालयों से ये परीक्षार्थी पंजीकृत थे, उनकी मान्यता प्रत्याहरण तक की कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Janmat News 
