पूर्व गृह मंत्री पी. चिदंबरम का बड़ा खुलासा, मुंबई आतंकी हमले के बाद भारत ने पाकिस्तान पर एक्शन क्यों नहीं लिया?

पूर्व गृह मंत्री पी. चिदंबरम ने खुलासा किया कि 26/11 मुंबई हमले के बाद भारत ने पाकिस्तान पर सैन्य कार्रवाई पर विचार किया था। लेकिन अमेरिका की तत्कालीन विदेश मंत्री कोंडोलीजा राइस और वैश्विक नेताओं के दबाव में भारत ने युद्ध से परहेज किया। बीजेपी ने इस बयान पर कांग्रेस को घेरा।

पूर्व गृह मंत्री पी. चिदंबरम का बड़ा खुलासा, मुंबई आतंकी हमले के बाद भारत ने पाकिस्तान पर एक्शन क्यों नहीं लिया?
Published By- A.K. Mishra

न्यूज़ डेस्क, जनमत न्यूज़/लखनऊ:- 26/11 मुंबई आतंकी हमले ने पूरे भारत को झकझोर दिया था। पाकिस्तान आधारित लश्कर-ए-तैयबा के आतंकियों ने इस हमले में 175 लोगों की जान ले ली थी। इस घटना के बाद भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ सैन्य कार्रवाई पर गंभीरता से विचार किया, लेकिन अंतरराष्ट्रीय दबाव और खासकर अमेरिका की अपील के चलते यह कदम नहीं उठाया गया।

यह खुलासा कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और उस समय के गृह मंत्री पी. चिदंबरम ने किया है। उन्होंने बताया कि तत्कालीन प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के साथ सैन्य कार्रवाई को लेकर चर्चा भी हुई थी, लेकिन वैश्विक दबाव ने भारत की रणनीति बदल दी।

चिदंबरम ने कहा कि 26/11 हमले के बाद अमेरिका की तत्कालीन विदेश मंत्री कोंडोलीजा राइस और कई अन्य विश्व नेताओं ने भारत को युद्ध से दूर रहने की सलाह दी थी। उन्होंने कहा, “पूरी दुनिया दिल्ली पर दबाव बना रही थी कि युद्ध मत शुरू करो।” विदेश मंत्रालय और भारतीय विदेश सेवा (IFS) की सलाह के बाद सैन्य कार्रवाई टाल दी गई।

उन्होंने यह भी बताया कि हमले के दौरान ही उनके मन में बदले की कार्रवाई का विचार आया था, लेकिन राइस ने प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और उनसे मुलाकात कर संयम बरतने को कहा।

चिदंबरम के इस बयान पर बीजेपी ने कांग्रेस पर हमला बोला है। केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी ने एक्स पर चिदंबरम के इंटरव्यू का अंश साझा करते हुए कहा कि “ऑपरेशन सिंदूर भारत और पाकिस्तान के सैन्य कमांडरों के बीच सीधी बातचीत का परिणाम था, न कि किसी तीसरे पक्ष, जैसे अमेरिका का।”